Agra Urban Centre : आगरा के विकास को नई रफ्तार देने के लिए यमुना एक्सप्रेस-वे किनारे 14,480 हेक्टेयर में आगरा अर्बन सेंटर बसाने की तैयारी पूरी। मास्टर प्लान-2041 के तहत 58 गांवों का कायाकल्प, 10 लाख रोजगार, ग्रीन इंडस्ट्री, टूरिज्म जोन और सोलर पार्क शामिल।
Agra Urban Centre :आगरा वालों के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी है। शहर के विस्तार और विकास को नई उड़ान देने के लिए यमुना एक्सप्रेस-वे के किनारे आगरा अर्बन सेंटर बसाने की तैयारी पूरी हो चुकी है। यह नया शहर करीब 14,480 हेक्टेयर जमीन पर फैला होगा। गुरुवार को यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने आगरा के स्थानीय अधिकारियों के सामने मास्टर प्लान 2041 पेश किया है।
इस ड्रीम प्रोजेक्ट के लिए आगरा की एत्मादपुर और सदर तहसील के 58 गांवों की जमीन ली जाएगी। योजना को इस तरह तैयार किया गया है कि यह करीब 15 लाख लोगों की रिहाइश और उनकी जरूरतों को पूरा करेगा। अधिकारियों के मुताबिक, इस नए शहर को विकसित करने का मुख्य उद्देश्य आगरा को पर्यटन के साथ-साथ एक बड़ा इंडस्ट्रियल हब बनाना है।
मास्टर प्लान के मुताबिक, यहां करीब 10 लाख लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। चूंकि यह इलाका ताजमहल के पास इको सेंसिटिव जोन (TTZ) में आता है, इसलिए यहां धुआं उगलने वाली फैक्ट्रियां नहीं लगेंगी। इसकी जगह IT सेक्टर, डेटा सेंटर, लॉजिस्टिक पार्क और फूड प्रोसेसिंग यूनिट्स को बढ़ावा दिया जाएगा। 3000 हेक्टेयर जमीन सिर्फ इंडस्ट्री के लिए रिजर्व रखी गई है।
सैलानियों के लिए आगरा अर्बन सेंटर में एक अलग ही दुनिया होगी। 405 हेक्टेयर में फैले टूरिज्म जोन में फाइव स्टार होटल, आलीशान रिसॉर्ट, थीम पार्क, वेलनेस सेंटर और रिवरफ्रंट बनाया जाएगा। खेल प्रेमियों के लिए गोल्फ कोर्स और स्पोर्ट्स विलेज भी इस योजना का हिस्सा हैं। वहीं, रहने के लिए HIG, MIG और LIG कैटेगरी के आधुनिक मकान और फ्लैट्स तैयार किए जाएंगे।
यह नया शहर पूरी तरह आत्मनिर्भर होगा। यहां बिजली की कमी ना हो, इसके लिए 256 मेगावाट का एक विशाल सोलर पार्क बनाया जाएगा। यातायात को सुगम बनाने के लिए इसे मेट्रो, एक्सप्रेस-वे, हाईवे और रेलवे से कनेक्ट करने के लिए सड़कों से सीधे जोड़ा जाएगा। साथ ही, पर्यावरण का ख्याल रखते हुए गंदे पानी को साफ करने के लिए 335 MLD की क्षमता वाले 7 STP प्लांट भी लगाए जाएंगे। इस योजना के ड्राफ्ट पर अब जल्द ही बोर्ड की बैठक में अंतिम मुहर लगेगी, जिसके बाद आम जनता से सुझाव और आपत्तियां मांगी जाएंगी।
आगरा अर्बन सेंटर: लैंड यूज की फैक्ट फाइल-
| क्रम संख्या | लैंडयूज श्रेणी | प्रतिशत (%) |
|---|---|---|
| 1 | आवासीय | 27.7 |
| 2 | व्यावसायिक | 3.8 |
| 3 | व्यावसायिक टूरिज्म | 1.6 |
| 4 | औद्योगिक | 20.0 |
| 5 | मिक्स लैंड | 5.0 |
| 6 | संस्थागत | 2.7 |
| 7 | सर्विस | 1.0 |
| 8 | मनोरंजन | 3.6 |
| 9 | पीएसपी टूरिज्म | 2.0 |
| 10 | ग्रीन | 5.4 |
| 11 | ग्रीन रिवर बफर | 8.2 |
| 12 | कृषि | 1.4 |
| 13 | वन | 3.0 |
| 14 | लॉजिस्टिक | 2.0 |
| 15 | सड़क व इंफ्रास्ट्रक्चर | 12.6 |