आगरा

छत्रपति शिवाजी महाराज के शौर्य की गाथा सुनाएगी ताजनगरी, जल्द होगा ये काम

ताजमहल में हर साल देश और विदेश से लाखों की संख्या में पर्यटक आते हैं। ऐसे में संग्रहालय का निर्माण होने से विदेशी पर्यटक भी छत्रपति शिवाजी महाराज के पराक्रम के बारे में जान सकेंगे।
2 min read
Sep 16, 2022
agra_will_tell_the_story_of_chhatrapati_shivaji_maharaj_bravery.jpg

आगरा में पर्यटकों को अब वीर शिवाजी महाराज के शौर्य की गाथा सुनने का मौका मिलेगा। इसके लिए प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाने की तैयारी कर ली है। दरअसल, ताजमहल के पास ही छत्रपति शिवाजी महाराज संग्रहालय का निर्माण कराया जा रहा है। इस संग्रहालय में शिवाजी महाराज के हथियार और पुरानी धरोहरों को रखा जाएगा। साथ ही उनके नाम पर गैलरी और प्रदर्शनी हॉल भी बनाया जाएगा। उप्र पर्यटन ने इसका पूरा ब्लू प्रिंट तैयार कर लिया है। जल्द ही यहां संग्रहालय का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। बता दें कि संग्रहालय का निर्माण ताजमहल से एक किलोमीटर की दूरी पर शिल्पग्राम रोड पर छह एकड़ जमीन पर कराया जाएगा।

मराठा साम्राज्य की थीम पर बनेगा संग्रहालय

बता दें कि ताजमहल में हर साल देश और विदेश से लाखों की संख्या में पर्यटक आते हैं। ऐसे में संग्रहालय का निर्माण होने से विदेशी पर्यटक भी छत्रपति शिवाजी महाराज के पराक्रम के बारे में जान सकेंगे। वहीं संग्रहालय में शिवाजी महाराज के कालखंड से संबंधित सभी चीजें रखी जाएंगी। संग्रहालय का आंतरिक ढांचा मराठा साम्राज्य की थीम पर बनाया जाएगा। जिससे मराठा साम्राज्य से लोग बखूबी अवगत हो पाएंगे। ताजमहल के साथ-साथ आने वाले समय में आगरा को शिवाजी महाराज के संग्रहालय के लिए भी देश और दुनिया में जाना जाएगा।

योजना में अब तक 99 करोड़ रुपये हुए खर्च

इस पर बात करते हुए उप्र पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक अविनाश चंद्र मिश्रा ने बताया कि छत्रपति शिवाजी संग्रहालय का निर्माण 2016 में शुरू हुआ था। इसके निर्माण पर अब तक 99 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। सपा शासनकाल में हुई इसकी बिल्डिंग के निर्माण कार्यों की तत्कालीन मंडलायुक्त ने आईआईटी रुड़की द्वारा जांच कराई थी। इसके कई लैंटर में दरार पाई गई है। इसके बाद इसके कार्य रोक दिए गए थे। अब उन कमियां को कार्यदायी संस्था द्वारा दूर कराया जा रहा है। इस परियोजना पर पहले 141 करोड़ रुपये खर्च होने थे। संग्रहालय का 70 फीसदी काम हो गया है।

पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए योगी सरकार प्रयासरत

संयुक्त निदेशक अविनाश चंद्र मिश्रा ने बताया कि आगरा में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए योगी सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी को लेकर प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बुनियादी सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। इसी क्रम में पहली बार आगरा और मथुरा के बीच हेलीपोर्ट सेवा का शुभारंभ जल्द ही होने जा रहा है। पीपीपी मोड पर हेलीपोर्ट सेवा शुरू करने के लिए पर्यटन विभाग की ओर से निकाले गए टेंडर में पांच कंपनियों का चयन किया गया है। इस टूरिस्ट सीजन में दिसम्बर से हेलीपोर्ट सेवा पर्यटकों को मिलने लगेगी।

Published on:
16 Sept 2022 01:49 pm