
आगरा। समजावादी पार्टी के अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने महागठबंधन पर पहली बार खुलकर बयान दिया। वे आगरा में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामजीलाल सुमन की पत्नी के निधन पर शोक व्यक्त करने आए थे। इस दौरान पत्रकारों से रूबरू होते हुए उन्होंने कहा केन्द्र तथा प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।
ये बोले अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी से हमारा गठबंधन कितना मजबूत है, ये तो भारतीय जनता पार्टी की भाषा बता रही है। यूपी की जनता ने भाजपा सरकार द्वारा किए गए कार्यों को लेकर नंबर देना शुरू कर दिया है और उसका नतीजा भाजपा को कैराना, गोरखपुर और फूलपुर में मिला है। अखिलेश यादव ने चुटकी लेते हुए कहा कि कम से कम इन हार से पार्टी थोड़ा सबक ले ले।
पीएम प्रत्याशी पर दिया ये बयान
सपा मुखिया अखिलेश यादव से जब पूछा गया कि महागठबंधन का पीएम प्रत्याशी कौन होगा, तो अखिलेश यादव ने बताया कि लोकसभा चुनाव से पहले या बाद में गठबंधन अपना पीएम प्रत्याशी तय कर देगा। अभी इस बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। अखिलेश यादव ने कहा कि गठबंधन से भाजपा की चाल बिगड़ी हुई है।