अमर सिंह की पार्टी में इन नेताओं का जाना तय माना जा रहा है।
आगरा। अमर सिंह द्वारा नई पार्टी की घोषणा करते हुए नेताओं में हलचल मची हुई है। कई नेताओं ने उनसे संपर्क साधना शुरू कर दिया है। अमर सिंह की पार्टी से टिकट लेने की ये नेता जुगत में लग गए हैं। खुलकर कोई कुछ भी नहीं बोलना चाहता है, लेकिन सपा, कांग्रेस और रालोद के इन नेताओं द्वारा प्रयास यही है कि अमर सिंह का साथ उन्हें मिल जाए। सूत्रों की मानें तो अमर सिंह की पार्टी में इन नेताओं का जाना तय माना जा रहा है।
ये हैं नेता
लोकसभा चुनाव 2014 में रालोद और कांग्रेस गठबंधन के प्रत्याशी के रूप में अमर सिंह ने फतेहपुर सीकरी सीट से चुनाव लड़ा था। हालांकि इस सीट पर अमर सिंह कोई खास असर नहीं दिखा पाए, लेकिन कांग्रेस और रालोद के कई नेताओं से उनकी नजदीकियां काफी बढ़ गईं। कई नेता तो ऐसे हैं, जो आज भी अमर सिंह के संपर्क में हैं। जब अमर सिंह द्वारा नई पार्टी का ऐलान किया गया, तो इन नेताओं ने उनसे संपर्क साधना शुरू कर दिया। इसमें से एक नेता तो कांग्रेस के काफी चर्चित रहें हैं, जो विधानसभा चुनाव के दौरान समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। इनके द्वारा गठबंधन प्रत्याशी अमर सिंह के चुनाव प्रचार की कमान संभाली गई थी।
रालोद और सपा वालों की भी नजर
कांग्रेस ही नहीं, समाजवादी पार्टी और रालोद के कई करीबी नेता भी अमर सिंह के संपर्क में हैं। सूत्रों की मानें तो ठाकुर मतदाताओं में ठीक ठाक पकड़ रखने वाले प्रभावशाली नेता भी अमर सिंह के संपर्क में हैं। यदि नई पार्टी बनती है, तो अमर सिंह के साथ इन नेताओं का जाना तय माना जा रहा है।