बसपा आगरा अलीगढ़ सेक्टर प्रभारी गोरेलाल, राजकुमार गौतम और सूरज सिंह ने आगरा और अलीगढ़ मंडल के संगठन में बदलाव की घोषणा की।
आगरा। बहुजन समाज पार्टी के मुखिया मायावती ने एक बार फिर संगठन में बड़ा फेरबदल किया है। मायावती ने विमल वर्मा को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए दलितों की राजधानी कहे जाने वाले आगरा का जिलाध्यक्ष बनाया है। वहीं पहले जिलाध्यक्ष संतोष आनंद को आगरा मंडल का सेक्टर प्रभारी बनाया गया है। विमल वर्मा इससे पहले शहर महासचिव के पद पर थे।
हुई घोषणा
बसपा आगरा अलीगढ़ सेक्टर प्रभारी गोरेलाल, राजकुमार गौतम और सूरज सिंह ने आगरा और अलीगढ़ मंडल के संगठन में बदलाव की घोषणा की। ओपी बघेल को आगरा मंडल के सेक्टर प्रभारी से हटाकर उनकी जगह सोनू बघेल को सेक्टर प्रभारी बनाया गया है। आगरा में जिला इंचार्ज श्याम प्रकाश बोधी की जगह वीरेन्द्र चित्तोड़िया को जिला इंचार्ज बनाया गया है। अरविंदी मथुरिया और जोगेन्द्र सिंह भी जिला इंचार्ज नियुक्त किए गए हैं। सेक्टर प्रभारी गोरेलाल ने स्पष्ट किया है कि पूर्व में बनाए गए जिला इंचार्ज अपने पद पर बने रहेंगे।
इन नेताओं को किया जा रहा किनारे
पार्टी से जुड़े सूत्रों की मानें तो बहुजन समाज पार्टी के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सर्वेसर्वा रहे सुनील कुमार चित्तोड़ के निष्कासन के बाद उनके करीबी नेताओं को एक एक कर किनारे लगाने का काम किया जा रहा है। यही कारण है कि बसपा में लगातार फेरबदल होता नजर आ रहा है।