
आगरा। यमुना एक्सप्रेस वे पर आए दिन हादसे घटित हो रहे हैं। हाल ही में हुए हादसों में हिमाचल प्रदेश के एक स्कूल की बस दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। ये बस टायर फटने से दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। यमुना एक्सप्रेस वे पर बस, कार और अन्य गाड़ियों के टायर फटने के मामले सामने आते रहते हैं। लेकिन, यूपी रोडवेज ने यमुना एक्सप्रेस वे पर ऐसा कारनाम कर दिखाया है, जिसे पढ़कर आप भी चकित रह जाएंगे। यूपी रोडवेज की बसों के टायर यमुना एक्सप्रेस वे पर पिछले पांच सालों में नहीं फटे हैं।
टायर फटने से होते हैं अधिकांश हादसे
यमुना एक्सप्रेस वे पर आए दिन हादसे हो रहे हैं। अब तक सैकड़ों लोग इन हादसों का शिकार हो चुके हैं। आगरा से यूपी रोडवेज की बसें नोएडा के लिए यमुना एक्सप्रेस वे पर चलती हैं। रोजाना सुबह से रात तक चलने वाली यूपी रोडवेज की बसों के पहिए पिछले पांच सालों में यमुना एक्सप्रेस वे पर नहीं फटे हैं। इस बात की तस्दीक की यूपी रोडवेज के रीजनल मैनेजर एसपी सिंह ने। उन्होंने बताया कि यमुना एक्सप्रेस वे पर रोडवेज की कई गाड़ियां रोजाना चलती हैं। एक्सप्रेस वे पर रोडवेज बसों में लगने वाले टायरों को विशेष जांच के बाद लगाया जाता है। चालीस हजार किलोमीटर के बाद आगे के टायरों को बदल दिया जाता है। इसके बाद नए टायर आगे लगा दिए जाते हैं। रोडवेज हर महीने एक हजार पुराने टायरों को हटाती है।
यमुना एक्सप्रेस वे पर रोडवेज का सफर सुरक्षित
वैसे तो यमुना एक्सप्रेस वे पर स्पीड लिमिट है। सौ किलोमीटर की रफ्तार से अधिक पर जुर्माना का प्रावधान है। लेकिन, कई गाड़ियां इससे अधिक की रफ्तार पर दौड़ती हैं। ऐसे में हादसे होने की संभावनाएं भी अधिक रहती हैं। लेकिन, यमुना एक्सप्रेस वे पर हादसों में हो रहीं वृद्धि के बीच यूपी रोडवेज की बसों से सफर सुरक्षित माना जा रहा है। जिस तरीके से पांच सालों में यूपी रोडवेज का टायर भी नहीं फटा है, उससे यात्रियों की सुरक्षित यात्रा का अंदाजा लगाया जा सकता है।