आगरा

आगरा में बवाल: दूधिया की मौत पर गाड़ियों पर पथराव, पुलिस ने लाठियां फटकार कर जाम खुलवाया

उत्तर प्रदेश के आगरा में ग्रामीणों पुलिस से भिड़ गए। पुलिस ने लाठियां फटकार कर लोगों को हटाया। इस झड़प में चार ग्रामीण घायल हो गए। बाद में भारी पुलिस बल की तैनाती से स्थिति पर काबू पाया गया।

less than 1 minute read
Jun 02, 2025
आगरा में हादसे में दूधिया की मौत पर बवाल हो गया। पुलिस ने लाठियां फटकारकर जाम खुलवाया। प्रतीकात्मक फोटो: IANS

डौकी थाना क्षेत्र में रविवार रात आगरा-फतेहाबाद मार्ग पर हादसे में दूधिया की मौत के बाद बवाल हो गया। उत्तेजित ग्रामीण पुलिस से भिड़ गए। शव को रखकर वाजिदपुर चौराहे पर जाम लगा दिया। वहां से गुजर रहे वाहनों पर पथराव किया। पुलिस ने लाठियां फटकार कर जाम खुलवाया। इससे चार ग्रामीण घायल हो गए। बाद में बड़ी संख्या में पहुंचे पुलिस फोर्स ने स्थिति संभाली।

दूध बेचकर लौटते समय कार ने मारी टक्‍कर

जानकारी के अनुसार विशाल (20) पुत्र फेरन सिंह निवासी नगला विसे (डौकी) रविवार देर रात आगरा में दूध देकर बाइक से गांव लौट रहा था। आगरा-फतेहाबाद मार्ग पर कछपुरा पर तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। विशाल बुरी तरह जख्मी हो गया।

युवक की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने लगाया जाम

हादसे की जानकारी पर घरवाले मौके पर पहुंच गए। उसे अस्पताल ले जाया गया। वहां उपचार के दौरान विशाल की मौत हो गई। इससे गुस्साए परिजनों ने शव को आगरा-फतेहाबाद मार्ग पर वाजिदपुर चौराहे पर रखकर जाम लगा दिया।

करीब दो घंटे तक बाधित रहा यातायात

सूचना पर डौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। सख्ती से जाम खुलवाने का प्रयास किया। इससे ग्रामीण उत्तेजित हो गए। उन्होंने वहां से वाहनों पर पथराव किया। इस दौरान करीब दस मिनट तक पुलिस व ग्रामीणों के बीच संघर्ष हुआ। इसके बाद पुलिस ने लाठियां फटकार कर ग्रामीणों को खदेड़ा। एसीपी फतेहाबाद अमरदीपलाल के नेतृत्व में फतेहाबाद, बमरौली कटारा, निबोहरा और शमसाबाद थानों से फोर्स पहुंचा। ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया। करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा।

Updated on:
02 Jun 2025 10:18 am
Published on:
02 Jun 2025 10:15 am
Also Read
View All

अगली खबर