आगरा

आगरा में लड़की की चोटी कटी, पैरों में हल्दी के सतिए

शमसाबाद के धिमश्री के गांव में चोटी कटने से मची सनसनी

2 min read
Jun 25, 2018
choti cut
demo picture

आगरा। चोटी कटवा का आतंक एक बार फिर से शुरू हो गया है। कुछ महीने पहले जब डॉक्टर्स ने इसे मनोवैज्ञानिक सोच करार दिया था तो चोटी कटने के मामले शांत हो गए थे। लेकिन, एक बार फिर से चोटी कटने के मामले सामने आ रहे हैं। ताजा मामला आगरा के थाना शमसाबाद क्षेत्र के धिमश्री का है। यहां एक लड़की की चोटी कट गई। चोटी कटने के बाद हल्ला हो गया। जब महिलाओं ने देखा तो लड़की के पैरों पर हल्दी के सतिए भी लगे थे।


चोटी कटने से मची सनसनी
शमसाबाद के धिमश्री में हरिओम जादौन की बेटी कृष्णा जादौन घर की छत पर सो रही थी। सुबह जब उठी तो उसके बाल कटे हुए थे। चारपाई पर बालों का एक गुच्छा था और पैरों में हल्दी के सतिए बने हुए थे। ये देखकर परिवार के लोग दहशत में आ गए। लोगों ने पूजा पाठ शुरू कर दिया। वहीं गांव में ये खबर आग की तरह फैल गई। लोग लड़की को देखने के लिए आने लगे। चोटी कटने की जानकारी पर पहुंची महिलाओं ने कृष्णा से पूछा कि रात को उसे कुछ आभास हुआ तो उसने बताया कि उसे कुछ पता नहीं कब चोटी कटी थी। हैरानी की बात ये है कि पूर्व में चोटी कटने के मामले में हल्दी के सतिए आदि रखने की घटनाएं घटित नहीं हुई थीं। लेकिन, इस बार लड़की के पैरों में हल्दी के सतिए रखे मिलने से महिलाएं हैरान हैं।

कोई मान रहा चोटी कटवा की वापसी तो किसी ने कहा शरारत
गांव में कुछ महिलाएं ऐसी हैं जो इस घटना को सत्य नहीं मान रही हैं। उनका कहना है कि चोटी कटवा ने ये नहीं किया बल्कि किसी ने शरारत की है। वहीं कई महिलाएं इसे अंधविश्वास से जोड़ रही है। गांव की महिलाओं का कहना है कि चोटी कटवा वापस लौट आया है।

Published on:
25 Jun 2018 11:12 am