कर्नाटक में चल रहे सियासी घमासान के बीच आगरा में कांग्रेसियों ने दिया धरना प्रदर्शन
आगरा। कर्नाटक में चल रहे सियासी घमासान के बीच कांग्रेस पार्टी ने एक दिन का धरना प्रदर्शन रखा। आगरा में मुख्यालय पर एकत्रित हुए कांग्रेसी नेताओं ने भाजपा पर जमकर भड़ास निकाली। भारतीय जनता पार्टी पर प्रजातंत्र की हत्या का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के खिलाफ हमला बोला। प्रजातंत्र बचाओ दिवस के नाम से दिए गए धरना प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी के तमाम नेता मौजूद रहे।
जिला मुख्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन
जिला मुख्यालय के बाहर शुक्रवार को जिला अध्यक्ष दुष्यंत शर्मा और कार्यवाहक शहर अध्यक्ष हाजी जमीललुद्दीन ने संयुक्त रूप से धरना दिया। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार के प्रति आक्रोश जाहिर करते हुए राष्ट्रपति महोदय के नाम प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष दुष्यंत शर्मा और कार्यवाहक शहर अध्यक्ष हाजी जमीललुद्दीन का कहना था कि भाजपा को सत्ता में रहने की आदत हो गई है। इसलिए प्रजातंत्र की हत्या कर भाजपा कर्नाटक में सरकार बनाने से पीछे नहीं हट रही है। जिसे देश की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी।
बताया तानाशाह, देश का लोकतंत्र खतरे में
शहर अध्यक्ष अबरार हुसैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह तानाशाह हो गए है। इस देश में लोकतंत्र को ख़त्म कर कर्नाटक में सरकार बनाने के लिए तानाशाही रवैया अपना रहे है। शहर कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष अबरार हुसैन ने भी अपने समर्थकों के साथ शहीद स्मारक पर मोदी सरकार के विरोध में धरना दिया। धरने पर बैठे कांग्रेसियों ने मोदी सरकार के अत्याचार और लोकतंत्र की हत्या को लेकर अपना आक्रोश जताया और आम लोगों से भी प्रजातंत्र बचाओ आंदोलन में साथ देने की अपील की।
धरना प्रदर्शन में ये कांग्रेसी रहे मौजूद
धरना प्रदर्शन में पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, एआईसीसी ,पीसीसी सदस्य, प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी, एनएसयूआई, सेवादल, इंटक एवं समस्त फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारी जिला और शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी ब्लॉक अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष, वार्ड अध्यक्ष सक्रिय कार्यकर्ता शामिल रहे।