आगरा

SC ST Act का विरोध करने पर देवकी नंदन ठाकुर गिरफ्तार

आगरा के रेस्टोरेंट से पुलिस ने किया गिरफ्तार, देवकी नंदन ठाकुर बोले ये लोकतंत्र की हत्या

2 min read
Sep 11, 2018
sc st act
devaki nandan thakur

आगरा। कथावाचक देवकी नंदन ठाकुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को आगरा में सवर्ण वर्ग के साथ एससी एसटी एक्ट के विरोध में रणनीति बनाने के लिए आगरा में आए थे। थाना हरीपर्वत पुलिस ने उन्हें प्रेसवार्ता करने से पहले की हिरासत में ले लिया। पुलिस ने हिरासत में लेने के बाद कहा कि आगरा में धारा 144 लागू है और कथावाचक देवकी नंदन ठाकुर के पास कोई परमीशन नहीं थी। गिरफ्तारी के बाद कथावाचक देवकी नंदन ठाकुर ने कहा कि ये लोकतंत्र की हत्या है।

सवर्ण आंदोलन को धार देने आए थे देवकी नंदन ठाकुर
एससी एसटी एक्ट को लेकर सवर्ण आंदोलन चल रहा है। जिसमें ब्राह्मण द्वारा इस एक्ट के विरोध में बड़ा प्रदर्शन किया गया था। आगरा के खंदौली स्थित सेमरा में ठाकुर समाज ने इस एक्ट का विरोध करने के लिए महापंचायत का ऐलान किया था। जिसमें मंगलवार को कथावाचक देवकी नंदन ठाकुर ने शामिल होने की घोषणा की थी। लेकिन, पुलिस प्रशासन कथावाचक देवकी नंदन ठाकुर को बैठक या पंचायत आदि की इजाजत देने से मना कर दिया था। मंगलवार को आगरा में कमला नगर के एक रेस्टोरेंट देवकी नंदन ठाकुर ने प्रेस वार्ता के लिए घोषणा की। लेकिन, प्रेसवार्ता होने से पहले ही थाना हरीपर्वत पुलिस पहुंच गई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। थाना हरीपर्वत पुलिस के साथ सीओ रितेश कुमार सिंह मौजूद थे। उन्होंने कहा कि देवकी नंदन ठाकुर के पास मीटिंग की इजाजत नहीं थी। फिर भी उन्होंने आगरा में मीटिंग करने की कोशिश की। खबर लिखे जाने तक पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर पुलिस लाइन ले जा रही थी। देवकी नंदन ठाकुर की गिरफ्तारी के बाद सर्व समाज में आक्रोश का माहौल है। वहीं देवकी नंदन ठाकुर ने कहा कि ये लोकतंत्र की हत्या है।

Updated on:
11 Sept 2018 05:43 pm
Published on:
11 Sept 2018 04:47 pm