
आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्याल की मुख्य परीक्षा की तारीखों का एलान हो गया है। प्राइवेट परीक्षा फॉर्म भरने के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर भी लिंक डाला गया है। मुख्य परीक्षा 2017-18 आठ मार्च से होंगी। इसके लिए 4,18 लाख परीक्षा फॉर्म भरे जा चुके हैं। बीए, बीकॉम, एमए, एमकॉम के प्राइवेट फॉर्म भरने के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर बुधवार रात से लिंक दिया गया है। इस पर लॉग इन कर छात्र फॉर्म भर सकेंगे।
प्राइवेट परीक्षा की फीस हुई निर्धारित
जो छात्र प्राइवेट फार्म भरना चाहते हैं। ऐसे प्राइवेट परीक्षार्थी की फीस सामान्य और पिछड़ा वर्ग के लिए 3000 है। जबकि एससी और एसटी के अभ्यर्थियों के लिए 2200 रुपये निर्धारित किए गए हैं। पहली बार नामांकन करने के लिए तीन सौ रुपये अतिरिक्त देना होगा।
वीडियो कांफ्रेंस से की बातचीत
डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा ने बीती रात कुलपतियों के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग की थी। उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कुलपतियों से परीक्षा की तैयारी के लिए वीडियो कांफ्रेंस से बातचीत की।
नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए दृढ़संकल्पित
डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा ने निर्देश दिए हैं कि नकल विहीन परीक्षाओं के लिए सभी जिलाधिकारी और एसएसपी को कुलपतियों के साथ समन्वय के निर्देश दिए गए हैं। दागी, संदिग्ध, बाहुबली, अन्य प्रभावी कॉलेज संचालकों की गुप्त जानकारी दी जाए। छात्राओं के कॉलेजों के अलावा किसी को स्वकेंद्र नहीं बनाया जाए। केंद्र का स्थलीय निरीक्षण सक्षम अधिकारी से कराएं। नोडल अधिकारी भी रखें और प्रबंधक समेत परिजनों को केंद्र से दूर रखने वाले कॉलेज ही केंद्र बनाए जाएं। सीसीटीवी की रिकार्डिंग रखकर कॉपियों की कोडिंग कराई जाए।
कुलपति ने डिप्टी सीएम को बताया परीक्षा का पूरा खाका
कुलपति डॉ. अरविंद दीक्षित ने डिप्टी सीएम को बताया कि परीक्षाएं आठ मार्च से 30 अप्रैल तक कराई जाएंगी। परीक्षाएं सीसीटीवी की निगरानी में होंगी। दागी कॉलेजों को केंद्र नहीं बनाया जाएगा। परीक्षाफल 15 जून तक घोषित किया जाएगा। स्नातक और स्नातकोत्तर की प्रवेश प्रक्रिया 10 जुलाई तक खत्म कर दी जाएगी। अधिकतर परीक्षाएं ओएमआर शीट पर कराई जा रही हैं। एक कक्ष में पांच तरह के प्रश्नपत्र दिए जाएंगे। इससे नकल पर रोक लगने के साथ समय की बचत भी होगी। ओएमआर पर परीक्षाएं कराने से मूल्यांकन भी जल्दी खत्म किया जा सकेगा। उप मुख्यमंत्री ने आगरा विवि की तैयारियों की प्रशंसा की।