उत्तर प्रदेश के आगरा से अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। पत्नी ने पति के सामने शर्त रखी कि वह हर महीने उसे गोलगप्पे खिलाएगा तभी वह उसके साथ ससुराल जाएगी।
उत्तर प्रदेश के आगरा से एक मामला सामने आया है जहां एक पत्नी ने ससुराल से वापस जाने के लिए अजीब सी शर्त रख दी। पत्नी ने कहा कि उसका पति हर सप्ताह चाट और गोलगप्पे खिलाने के लिए ले जाएगा इस शर्त पर शनिवार को परिवार परामर्श केंद्र में पति- पत्नी के बीच समझौता करवाया गया।
एत्मादुद्दौला निवासी युवती की शादी नवंबर 2023 को हुई थी। युवती एक माह से मायके में रह रही है। पति प्राइवेट नौकरी करता है। युवती ने मारपीट और दहेज की मांग का आरोप लगाया था। दोनों पक्षों को सुना गया। पति ने बताया कि पत्नी आए दिन बाहर चाट खिलाने की जिद करती है। उसके पास समय नहीं होता है। जब वह कहता है तो पत्नी व्यस्त होती है।
पति ने एक बार पत्नी से कहा था कि वह ज्यादा पानी पुरी ना खाया करे क्योंकि इसमें तेज मसाले होते हैं। इस बात पर दोनों में विवाद हो गया था। महिला ने आरोप लगाया था कि जब वह गोलगप्पे खाती थी तब वह उसका हिसाब रखता था। इसके अलावा वह उसे जरूरत की चीजें नहीं दिलाता था। अब दोनों के बीच सुलह हो गई है और अब पति अपनी पत्नी को हर हफ्ते चाट खिलाने ले जाएगा।