
आगरा। ताजनगरी पहुंचे केंद्रीय रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने कहा कि देश की पहली इंजन रहित ट्रेन 18 का ट्रायल आगरा-दिल्ली के बीच होगा क्योंकि यह रूट 160 किलो मीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ने वाली ट्रेन के लिए उपयुक्त है। इसके साथ ही रेल राज्यमंत्री ने राम मंदिर और आगामी लोकसभा चुनाव 2019 को लेकर भी बयान दिया।
राम मंदिर पर रुख स्पष्ट
दरअसल केंद्रीय रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा एमएसएमई के एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आगरा पहुंचे। इससे पहले सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता के दौरान केंद्रीय रेल राज्यमंत्री ने कहा कि राम मंदिर को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का रुख जो पहले था वही अब है। यह हमारा राजनैतिक मुद्दा नहीं है यह हमारे लिए आस्था का मुद्दा है। हमने 2014 में जो बात कही थी वही आज कहेंगे। इसके साथ ही रेल राज्यमंत्री ने दावा किया कि 2019 लोसकभा चुनावों में भाजपा पहले से ज्यादा सीटें लेकर आएगी।
समय पर पूरा होगा बुलेट ट्रेन का कार्य
इसके साथ ही रेल राज्य मंत्री ने कहा कि बुलेट ट्रेन का काम निर्धारित समय में पूरा लिया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि पहली इंजन रहित ट्रेन 18 का ट्रायल आगरा-दिल्ली रूट पर किया जाएगा क्योंकि यह रूट 160 किलो मीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ने वाली ट्रेन के लिए उपयुक्त और सुरक्षित है।