आगरा

फिल्म पद्मावती के विरोध में आया भदावर राजघराना सेंसरबोर्ड से रोक की मांग

पूर्व मंत्री अरिदमन सिंह ने सेंसरबोर्ड से पद्मावती के प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग उठाई
2 min read
• •
Nov 09, 2017
पदमावती
padmavati movie

आगरा। संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावती लगातार सुर्खियों में है। फिल्म के प्रदर्शन को लेकर पूर्व मंत्री और भदावर राजघराने के अरिदमन सिंह ने मांग की है कि सेंसरबोर्ड फिल्म पद्मावती के प्रदर्शन पर रोक लगाए। फिल्म दिसम्बर को रिलीज होनी है। इससे पहले ही फिल्म का विरोध लगातार प्रखर होता जा रहा है। आगरा के सिनेमाघर इस फिल्म को लेकर सतर्कता बरत रहे हैं। हालांकि अभी तक किसी भी सिनेमाघर ने फिल्म दिखाने के लिए मनाही नहीं की है।

अपने फायदे के लिए इतिहास तोड़ मरोड़ कर पेश कर रहे
भदावर हाउस में भाजपा नेता और पूर्व मंत्री अरिदमन सिंह ने कहा कि फिल्म पद्मावती के निर्देशक संजय लीला भंसाली अपने फायदे के लिए इतिहास को तोड़ मरोड़ के पेश कर रहे हैं। 'जौहर किसे कहते हैं' शायद संजय लीला भंसाली को इसकी जानकारी नहीं है। उनके पिता एक अच्छे निर्देशक थे और फिल्म बनाना अच्छी बात है, लेकिन अपने फायदे के लिए समाज को बदनाम करना बेहद ही गलत है। फिल्म में जो भी गलत होगा उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पूर्व मंत्री अरिदमन सिंह ने सेंसर बोर्ड के सदस्यों से मांग की है कि यदि फिल्म में महारानी पद्मावती के बारे में कुछ भी आपत्तिजनक है तो इसे तत्काल हटाया जाए। बता दें कि जयपुर में शूटिंग के दौरान ही संजय लीला भंसाली के साथ अभद्रता हुई थी। तब से फिल्म विवादों में है। धीरे-धीरे यह विरोध बढ़ता ही जा रहा है। वहीं अखिल भारतीय क्षत्रिय समाज ने सभी जनपदों से फिल्म के बहिष्कार की बात कही गई है।

सोशल मीडिया पर बहिष्कार का ट्रेंड
‘मैं इस फिल्म का बहिष्कार करता हूं' पद्मावती मूवी को लेकर सोशल मीडिया पर विरोध किया जा रहा है। ‘मैं इस फिल्म का बहिष्कार करता हूं। इस स्लोगन पर लोगों की कड़ी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। आगरा, अलीगढ़ , मथुरा, फिरोजाबाद, बरेली, बदायूं, एटा सहित कई जनपदों से फिल्म के विरोध की तीखी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।

Published on:
09 Nov 2017 10:26 am