
आगरा। शहर में ओवर लोडिंग वाहनों पर एसएसपी की सख्ती का इसी बात से अंदेशा लगाया जा सकता है कि उन्होंने चार अगस्त को भी फतेहाबाद रोड पर पैदल निकलकर वाहनों की चेकिंग की थी। मंगलवार को पुलिस कप्तान अमित पाठक जब साइकिल से निकले तो सड़कों के आस पास का नजारा देखकर हैरान भी रह गए। फतेहाबाद रोड के पास कलाल खेरिया पर सजी ये ईंट मंडी कभी भी कोई बड़ा हादसा घटित करा सकती है। यहां कई सारे स्कूल है। आए दिन इस रास्ते पर जाम लगता है। एसएसपी अमित पाठक ने जब ये सब देखा तो वे हैरान रह गए और उन्होंने संबंधित थाना प्रभारी और क्षेत्राधिकारी को कड़ी फटकार लगाई।
थाने का फोर्स बुला लिया
एसएसपी अमित पाठक सुबह सुबह साइकिल से निकलते हैं, वे मंगलवार को साइकिल चलाते हुए फतेहाबाद रोड पर पहुंच गए। फतेहाबाद रोड पर ईंट से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली खडी हुई थी, सडक पर निकलने की जगह नहीं थी, सुबह स्कूल की बस से लेकर स्थानीय लोगों को भी जाने की जल्दी होती है। ईंट से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली से जाम के हालात रहते हैं। इस पर एसएसपी अमित पाठक ने थाने का फोर्स बुला लिया।
ये खबर भी पढ़ सकते हैं: साइकिल से निकले एसएसपी अमित पाठक, पकड़ी सबसे बड़ी अवैध मंडी
29 ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त
एसएसपी अमित पाठक के छापे की जानकारी होते ही पुलिस फोर्स पहुंच गया, जांच में सामने आया है कि रोड पर अवैध रूप से ईंट मंडी लगाई जा रही थी, पुलिस को देख ट्रैक्टर ट्रॉली चालक भाग खडे हुए। पुलिस ने 29 ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त किए हैं। इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शहर के बाहरी हिस्सों में चल रही अवैध ईंट मंडी
शहर के बाहरी हिस्से में अवैध ईंट की मंडी चल रही हैं, फतेहाबाद रोड की तरह से ही यमुना पार में टेढी बगिया, सिकंदरा में पेट्रोल पंप के पास ईंट की मंडी लगती है। ट्रैक्टर ट्रॉली चालक ईंट की जल्द बिक्री के लिए सडक पर खडे हो जाते हैं, इससे राहगीरों को परेशानी होती है।