आगरा

JEEMains: गुजरात के दो विद्यार्थियों ने पाया 100 स्कोर

कच्छ के शिवेन, वडोदरा के आदित ने पाया 100 स्कोर, दोनों की चाहत आईआईटी बॉम्बे
2 min read
• •
Updated: 19 Apr 2025, 10:39 PM IST
Aadit Bhagade
आदित भगाड़े।

Ahmedabad. राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की ओर से शुक्रवार रात को घोषित किए गए जेईई मैन्स परीक्षा 2025 के परिणाम में गुजरात के दो विद्यार्थियों ने 100 स्कोर (पर्सेन्टाइल) पाया है। ये दोनों देश में 100 स्कोर पाने वाले 24 विद्यार्थियों में शामिल हैं। इसमें मूलरूप से कच्छ के अंजार निवासी हाल अहमदाबाद में नाना-नानी के पास रहकर पढ़ाई करने वाले शिवेन तोशनीवाल और वडोदरा के आदित भगाडे शामिल हैं। दोनों ही की चाहत आईआईटी बॉम्बे है।

दिलचस्प बात यह भी है कि इन दोनों ही जेईई मैन्स टॉपर्स के माता-पिता दोनों ही चिकित्सक हैं। शिवेन के पिता विकास तोशनीवाल हड्डी रोग विशेषज्ञ हैं, जबकि मां शिल्पा बाल रोग विशेषज्ञ हैं। वहीं आदित के पिता प्रकाश भगाडे फिजीशियन हैं और मां दिलिता स्त्रीरोग विशेषज्ञ हैं।

चिकित्सक दंपत्ति के इन दोनों ही बेटों को शुरूआत से ही गणित में रुचि होने के चलते इन्होंने माता-पिता से अलग इंजीनियरिंग के क्षेत्र में अपना करियर बनाने की राह चुनी। अगला लक्क्ष्य जेईई एडवांस में सफलता पाना है।

शिवेन तोशनीवाल।

मॉक टेस्ट मददगार, समय प्रबंधन पर दें ध्यान: शिवेन

जेईई मैन्स 2025 में 100 में से 100 स्कोर पाने वाले शिवेन तोशनीवाल बताते हैं कि सफलता के लिए उन्होंने 9वीं कक्षा से ही तैयारी शुरू की थी। उनका मानना है कि मॉक टेस्ट देना काफी मददगार होता है। इसके साथ समय प्रबंधन जरूरी है। खेलना कूदना जारी रखते हुए डेडिकेशन के साथ पढ़ाई करनी चाहिए। हर विषय को अच्छे से समझना चाहिए। वे आगे चलकर आईआईटी बॉम्बे या दिल्ली से कंप्यूटर साइंस या एआई, एमएल में बीटेक करना चाहते हैं।

रिवीजन, ग्रुप में पढ़ाई लाभदायी: आदित

जेईई मैन्स में 100 में से 100 स्कोर लाने वाले आदित भगाडे का कहना है कि सफलता के लिए जरूरी है कि शिक्षकों की ओर से बताई जाने वाली बातों को गंभीरता से लें। उन्हें सालों का अनुभव होता है। स्कूल और ट्यूशन है तो उसमें जो पढ़ाया जाता है उसका रिवीजन करें। मॉक टेस्ट ज्यादा से ज्यादा दें। दोस्तों के साथ मिलकर पढ़ाई करें और टॉपिक पर चर्चा करें, उससे काफी कुछ सीखने को मिलता है। वह काफी लाभदायी होता है। उनकी चाहत आईआईटी बॉम्बे से बीटेक करना है।

Updated on:
19 Apr 2025, 10:39 PM IST
Published on: