Lok Sabha Elections 2024: कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने आज यानी शुक्रवार को फतेहपुर सीकरी में इंडिया गठबंधन प्रत्याशी के समर्थन में रोड- शो किया। इस दौरान जनसैलाब उमड़ पड़ा।
Lok Sabha Elections 2024: कांग्रेस महासिचव प्रियंका गांधी शुक्रवार को फतेहपुर सीकरी पहुंची। यहां पर उन्होंने कांग्रेस और गठबंधन प्रत्याशी रामनाथ सिकरवार के समर्थन में रोड- शो किया। प्रियंका गांधी जैसे ही भगवान देवी इंटर कॉलेज तिराहे पर पहुंची तो लोगों का उत्साह देखकर उन्होंने माइक थाम लिया। प्रियंका गांधी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा, "रामनाथ सिकरवार देश के सबसे ईमानदार उम्मीदवार हैं। विधानसभा चुनाव में आप लोगों ने इन्हें हरा दिया था लेकिन इस बार ये गलती मत करना।"
प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विदेश यात्राओं में व्यस्त रहते हैं। गरीब और मजदूरों के पास समस्या पूछने नहीं आते, वो जनता से कटे हुए हैं।"
प्रियंका गांधी ने आगे कहा, "राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से जम्मू- कश्मीर तक चार हजार किमी की पदयात्रा कर लोगों की समस्याएं जानी। इसके बाद कांग्रेस का घोषणा पत्र तैयार किया। इसे न्याय पत्र नाम दिया गया, क्योंकि 10 सालों में गरीबों के साथ अन्याय हुआ है। कांग्रेस के न्याय पत्र में गारंटी दी गई है, जो गारंटी दी है वह पूरी होगी। सत्ता में आए तो नौजवानों की मदद के लिए पांच हजार करोड़ का फंड होगा। अग्निवीर भर्ती परीक्षा को रद्द करेंगे। केंद्र में खाली पड़े 30 लाख पदों को भरेंगे।"
आगरा में 7 मई को तीसरे चरण में मतदान होना है। इससे पहले शुक्रवार को प्रियंका गांधी ने फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट के लिए कांग्रेस और गठबंधन प्रत्याशी रामनाथ सिकरवार के समर्थन में रोड शो किया है। शुक्रवार शाम 5 बजकर 40 मिनट पर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी हेलीकॉप्टर से आगरा के खेरिया पहुंची, यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका माला पहनाकर स्वागत किया और उनके समर्थन में नारे लगाए। इसके बाद प्रियंका कार से सीधे फतेहाबाद के लिए रवाना हो गईं। फतेहाबाद में प्रियंका गांधी ने रोड शो किया। इस दौरान उनके साथ प्रत्याशी रामनाथ सिकरवार भी मौजूद रहे। रोड शो में भारी भीड़ देखने को मिली।