आगरा

कानूनी दांव-पेच में फंसा रिश्ता, दो साल पहले प्रेमी युगल ने की थी शादी

पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज है इसलिए कानूनी कार्रवाई की गई है। यानी अब दोनों का रिश्ता कानूनी दाव पेंच में फंस गया है।
2 min read
Oct 07, 2021
love.jpg

आगरा. उत्तर प्रदेश के आगरा जनपद में एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। एक प्रेमी युगल ने दो साल पहले शादी कर ली थी। उनका सवा साल का एक बेटा भी है। अपने पति और बच्चे को लेकर युवती जब घर पहुंची तो जगदीशपुरा पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

मिस्ड कॉल से हुई दोस्ती

करीब तीन साल पहले दोनों में दोस्ती हुई, दोस्ती भी मिस्ड कॉल के जरिए शुरू हुई थी। लड़का यूपी के ही कन्नौज जिले का रहने वाला था और लड़की आगरा जिले के जगदीशपुरा थाना इलाके की। दोनों में धीरे-धीरे बातचीत और मुलाकातें शुरू हुई। धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों ने एक दूसरे से अपने प्यार का इजहार किया और शादी करने का फैसला कर लिया। लड़का गुजरात की एक कंपनी में काम करता था। मार्च 2019 में लड़की बिना अपने परिवार को बताए लड़के साथ गुजरात चली गई। 2019 में लड़की नाबालिग थी, लड़की के पिता ने जगदीशपुरा थाना में मुकदमा दर्ज करा दिया। जिसके बाद पुलिस लड़की की तलाश में जुट गई।

कानूनी दांव-पेच में फंसा रिश्ता

दोनों शादी कर गुजरात के भरुच जनपद में रहने लगे। उनका एक सवा साल का बेटा भी है। दो साल बाद जब परिवार के लोगों ने दोनों के रिश्ते को स्वीकार कर लिया तो दोनों अपने बेटे को लेकर भरुच से आगरा आए। इसी दौरान पुलिस को इनका लोकेशन मिल गया। जिसके बाद पुलिस ने लड़के को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। हालांकि घर वाले कह रहे हैं कि अब उन्हें बेटी का रिश्ता स्वीकार है। लेकिन पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज है इसलिए कानूनी कार्रवाई की गई है। यानी अब दोनों का रिश्ता कानूनी दाव पेंच में फंस गया है।

Published on:
07 Oct 2021 12:01 pm