चुनाव नजदीक आते ही जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्रों में नजर आने लगे हैं। घर-घर जाकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं। विकास कार्यों को गिना रहे हैं और आने वाले चुनाव के लिए लुभा भी रहे हैं। इसी कड़ी में आगरा के बालाजी पुरम स्थित चिंरजीव सेवा सदन में भाजपा विधायक योगेंद्र उपाध्याय ने चौपाल लगाकर जनता की समस्याओं को सुना और क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रबंधन के गुर सिखाए। विधायक ने कहा कि पानी की समस्या के समाधान के लिए ओवर हैडटैंक बनवाने की लड़ाई जारी है। इस दौरान विधायक निधि से नवनिर्मित नाले की पुलिया का लोकार्पण भी किया।
सपा को बताया विकास विरोधी
विधायक योगेन्द्र उपाध्याय ने समस्या सुनकर लोगों को उनका जल्द समाधान करवाने का भरोसा दिया। उन्होंने प्रदेश की सरकार पर हमला करते हुए कहा कि सपा सरकार विकास विरोधी है। सैफई के विकास पर सपा सरकार की नजर है। सैफई का विकास ही पूरे उत्तर प्रदेश का विकास है ये सपा नेता मानती हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए सड़क से लेकर सदन तक उन्होंने जनता की आवाज को बुलंद किया।
भाजपा नेता केके भारद्वाज ने चुनाव प्रबंधन में बूथ का महत्व बताया और कहा कि बूथ जीते तो चुनाव जीते। आने वाले 2017 के महायुद्ध की असली लड़ाई बूथ पर होगी और सबके सहयोग से लोकसभा चुनाव में सभी बूथों पर अपार सफलता प्राप्त की थी। इस चुनाव में उससे भी अधिक मतों से बूथ जीतने होंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ जीतने की रणनीति भी बारीकी से समझाई।