आगरा निवासी नौसेना के लांस नायक आदर्श कुमार को यूपी ATS ने ISI के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। वह दुबई से हनीमून मनाकर भारत लौटा था। 22 दिन पहले ही उसकी शादी हुई थी।
उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारतीय नौसेना के एक जवान को देश के खिलाफ जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आगरा का रहने वाला यह जवान पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के जाल में फंसा था और भारत के संवेदनशील युद्धपोतों की तस्वीरें व गोपनीय जानकारी सीमा पार भेज रहा था। आरोपी की महज 22 दिन पहले शादी हुई थी और वह दुबई में हनीमून मनाकर लौटा ही था कि ATS ने उसे दबोच लिया।
ATS के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी का नाम आदर्श कुमार उर्फ लकी है। लकी आगरा के कागारौल थाना क्षेत्र के चीतपुर गांव का निवासी है। वह भारतीय नौसेना में लांस नायक के पद पर तैनात था। 19 फरवरी को उसकी शादी धूमधाम से मथुरा की एक युवती के साथ हुई थी। शादी के बाद वह अपनी पत्नी के साथ हनीमून मनाने दुबई गया था। तीन दिन पहले ही वह वापस अपने गांव लौटा था। गांव में ही ATS की टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
लांस नायक आदर्श की वर्तमान तैनाती केरल के कोच्चि में दक्षिणी नवल कमांड (Southern Naval Command) में थी। ATS को लंबे समय से इनपुट्स मिल रहे थे कि नौसेना का एक कर्मचारी संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त है। जांच में सामने आया कि आदर्श ने कोच्चि में तैनात युद्धपोतों और रणनीतिक ठिकानों की तस्वीरें ISI एजेंटों को भेजी थीं। इतना ही नहीं उसके बैंक खातों की जांच से इसकी भी पुष्टि हुई है कि उसने पाकिस्तानी एजेंटों को पैसे भी ट्रांसफर किए थे।
गिरफ्तारी के बाद एटीएस ने जब आदर्श के मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फोरेंसिक जांच की तो उसमें कई संवेदनशील दस्तावेज मिले। पुलिस ने उसे आगरा कोर्ट में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां अब इस बात की तहकीकात कर रही हैं कि इस जासूसी नेटवर्क में नौसेना के कुछ और कर्मचारी भी शामिल तो नहीं हैं।
आदर्श के गांव चीतपुर में इस खबर के बाद से सन्नाटा पसरा है। ग्रामीण इस बात से स्तब्ध हैं कि देखने में इतना सीधा-सादा लड़का ऐसा काम कर सकता है, विश्वास नहीं होता। सात साल पहले आदर्श भारतीय नौसेना में भर्ती हुआ था। उसके पिता बलवीर एक शराब की दुकान पर काम करते हैं।