थाना मलपुरा क्षेत्र के गांव बाईखेड़ा में मंगलवार दोपहर को नहर में वृद्ध का शव तैरता हुआ मिला।
आगरा। थाना मलपुरा क्षेत्र के गांव बाईखेड़ा में मंगलवार दोपहर को नहर में वृद्ध का शव तैरता हुआ मिला। मौके पर सैकड़ों की संख्या में लोगों की भीड़ इक्कठा हो गई। सूचना पर मलपुरा पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने शव की शिनाख्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं वृद्ध की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
ये है मामला
थाना मलपुरा के गांव सिरोली निवासी रतिभान सिंह रोजाना अपने घर से नहर दक्षिणी बाईपास की तरफ घूमने के लिए जाता था। मंगलवार सुबह नौ बजे वह घर से घूमने के लिए निकला था। काफी देर होने के बाद वह वापस घर नहीं लौटा। इस पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने क्षेत्र में रतिभान की तलाश की, लेकिन नहीं मिला। दोपहर साढ़े 3 बजे गांव बाईखेड़ा के एक दर्जन युवक दौड़ करने के लिए आए। उन्होंने नहर में एक शव तैरता हुआ दिखा। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई।
हादसे के बाद शव को नहर में फेंका
सूचना पर मलपुरा पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकाल लिया। शव पर चोट के निशान थे। मौके पर रतिभान के परिजन भी आ गए। उन्होने आशंका व्यक्त की है किसी वाहन की टक्कर से रतिभान की मौत हुई है। हादसे के बाद वाहन चालक ने शव को नहर में फेंका है। थानाध्यक्ष मलपुरा महेश कुमार यादव ने बताया है कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इनपुट: देवेश शर्मा