
आगरा। बुजुर्ग दंपति एक बार फिर से बदमाशों के निशाने पर है। आगरा के बाह थाना क्षेत्र के होलीपुरा गांव में बीती रात बदमाशों ने बुजुर्ग दंपति को निशाना बनाया। घर में घुसे बदमाशों ने बेखौफ होकर डकैती डाली। विरोध करने पर बुजुर्ग दंपति के साथ मारपीट की गई। मरा हुआ समझकर बदमाश दंपति को घर में ही छोड़कर फरार हो गए। बदमाशों ने घर से कीमती सामान सहित सोने और चांदी के आभूषण सहित नगदी पर भी हाथ साफ किया है। पुलिस को मिली सूचना के बाद घायल दंपति को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा है।
बुजुर्ग दंपति पर टूटा बदमाशों का कहर
बाह थाना क्षेत्र के होलीपुरा गांव में रामज्ञान अपनी पत्नी सहित रहता था। बुजुर्ग दंपति परचून की दुकान चलाकर अपना जीवन यापन कर रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि सुबह उन्हें इस घटना का पता चला, जब दंपति के घर से चीख पुकार की आवाज आई। अज्ञात बदमाशों ने बुजुर्ग दंपत्ति को पीट पीट कर मरणासन्न हालत में छोड़ दिया। माना जा रहा है कि बदमाश उन्हें मरा हुआ समझकर छोड़कर फरार हो गए। बदमाशों ने घर में रखा नगदी और आभूषण लूट लिया। बुजुर्ग दंपति के घर पड़ी डकैती से गांव में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस को दी गई सूचना के बाद पुलिस ने घटनास्थल का दौरा किया। सूत्र बताते हैं कि जिस तरीके से मारपीट और लूट की घटना को अंजाम दिया गया है, उससे लगता है कि बाबरिया गिरोह का काम है। वहीं पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।
बुजुर्ग की हालत गंभीर
वहीं इस डकैती की घटना में बुजुर्ग दंपत्ति की हालत गंभीर है। पुलिस ने बुजुर्ग दंपत्ति को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया है। डॉक्टरों ने दोनों को हालत को गंभीर देखते हुए आगरा रेफर किया है।