28 अक्टूबर को महापंचायत के लिए किया था ऐलान, प्रशासन ने नहीं दी थी परमीशन, पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश
आगरा। SC ST ACT का विरोध सर्व समाज को भारी पड़ रहा है। प्रशासन द्वारा महापंचायत के लिए अनुमति नहीं दी जा रही हैं। यदि कोई पार्टी महापंचायत के लिए दम भरती हैं तो उसके खिलाफ तगड़े एक्शन लिए जा रहे हैं। समान अधिकार पार्टी द्वारा की जा रही महापंचायत को पुलिस प्रशासन ने रोक दिया और पार्टी के नेताओं को थाने भेज दिया।
गिरफ्तारी के बाद जेल भेजे गए नेता
समान अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप शर्मा, जिला अध्यक्ष धर्मवीर शर्मा के साथ एससी एसटी कानून को लेकर विरोध कर रहे दो अन्य पदाधिकारियों की गिरफ्तारी और फिर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने पर समान अधिकार पार्टी के पदाधिकारी कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। मंगलवार को समान अधिकार पार्टी के पदाधिकारी कार्यकर्ताओं ने अपने नेताओं की जल्द रिहाई को लेकर जिला प्रशासन को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पार्टी के पदाधिकारियों कार्यकर्ताओं का कहना था कि पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से एससी-एसटी कानून का विरोध कर रही है। इसी को लेकर एक महापंचायत का आयोजन किया गया था, पहले प्रशासन ने महापंचायत नहीं होने दी, बाद में समान अधिकार पार्टी के पदाधिकारियों को गिरफ्तार कर जेल भी भेज दिया।
पार्टी नेता बोले, अंग्रेजों के शासन की याद दिलाती है कार्रवाई
लोकतांत्रिक देश में प्रशासन की कार्रवाई अंग्रेजों के शासन की याद दिलाती है। पार्टी के पदाधिकारी कार्यकर्ताओं का कहना है कि SC ST ACT के विरोध में वह लगातार आगे भी प्रदर्शन करते रहेंगे। साथ ही, उन्होंने जल्द अपने पदाधिकारियों की रिहाई ना होने पर उग्र आंदोलन की भी चेतावनी दी है।