
आगरा। शहर में नया गिरोह हरकत में आ गया है। ये गिरोह कार स्वामियों को निशाना बनाता है। रामबाग पुलिस चौकी के पास सोमवार रात इसी गिरोह के शातिरों ने शीतगृह स्वामी की कार से सात लाख रुपये से भरी अटैची पार कर दी। गैंग ने वारदात से पहले शीतगृह स्वामी की कार पंचर कर दी थी। टायर बदलने दौरान वह बैग पार करके भाग गए।
यहां का मामला
कमला नगर निवासी ओमकार नाथ गोयल का खंदौली के बगल घूंसा में कोल्ड स्टोरेज है। सोमवार रात को वे साढ़े सात बजे अपनी कार से घर लौट रहे थे। हाथरस मार्ग स्थित मछली पुलिया पर उनके चालक राजकुमार को एक युवक ने इशारा करके कार पंचर होने की जानकारी दी। शीतगृह मालिक ने सुरक्षा के मद्देनजर कार को रास्ते में नहीं रोका। रामबाग पुलिस चौकी के सामने गाड़ी रोकने के बाद टायर बदलवाने लगे। इस दौरान रुपयों से भरी अटैची कार की सीट पर छोड़ दी।
नहीं थी उम्मीद
सामने पुलिस चौकी होने के चलते उनको अपने साथ घटना की उम्मीद नहीं थी। टायर बदलने के बाद ओमकार नाथ की नजर गाड़ी की सीट पर गई तो वहां से अटैची गायब देखकर होश उड़ गए। कंट्रोल रूम को सूचना देने पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस को पीड़ित ने बताया कि उनकी नजर कार पर थी, हां कुछ देर के लिए ध्यान टायर पर जरूर गया, इसी दौरान बैग पार कर दिया गया। घटना को किसने अंजाम दिया, इसकी जानकारी नहीं है। वहीं पुलिस इस मामले की छानबीन कर रही है।
पहले भी ऐसे मामले
यह पहला मामला नहीं है। इस क्षेत्र में पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, बस तरीका कुछ अलग था। कार में से से आॅयल गिरना, कार के नीचे पैसे पड़े होने आदि तरीकों से शातिर लोगों को जाल में फंसाते हैं और जैसे ही कोई इनके जाल में फंसा, तो उसका बैग, नगदी सब पार कर ले जाते हैं।