
आगरा। एसएसपी अमित पाठक पुलिसिंग को चुस्त दुरुस्त करने के प्रयास कर रहे हैं। आगरा में पिछले दिनों वे लाल बुलेट से ताजमहल तक गए थे। इसके बाद उन्होंने ऐसे स्थान चिन्हित किए, जहां पर आॅटो मनमानी कर जाम लगाते थे, वहीं ताजमहल पर आने वाले पर्यटकों को परेशान करने वाले लपकों पर भी उन्होंने कार्रवाई कराई थी। अब वे सादा वर्दी में शहर में निकले और लोगों से पुलिस व्यवस्था का हाल जाना।
एत्माउद्दौला पहुंचे, तो पुलिस के उड़ गए होश
शनिवार की रात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित पाठक के निशाने पर रहा थाना एत्माद्दौला। एसएसपी अमित पाठक को काफी दिनों से सूचना मिल रही थी कि आगरा के एत्माद्दौला थाना क्षेत्र के रामबाग वाटर वर्क्स चौराहे पर अतिक्रमण के नाम पर पुलिस की उगाही होती है। जनता की शिकायत पर जिले के पुलिस कप्तान एसएसपी अमित पाठक ने औचक निरिक्षण किया। बताया गया है कि इस औचक निरीक्षण के दौरान एत्माद्दौला के रामबाग चौराहे पर पहुंचे एसएसपी अमित पाठक को जाम की स्थिति मिली। जाम की स्थिति को देखकर एसएसपी अमित पाठक बिफर गये। सादा वर्दी में पहुंचे एसएसपी अमित पाठक को स्थानीय पुलिस कर्मी भी नहीं पहचान पाए। बाद मे पुलिस को सूचना मिली आगरा पुलिस के जिले के कप्तान एसएसपी अमित पाठक औचक निरीक्षण पर है। इसको लेकर इलाके के पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में थाना एत्माद्दौला पुलिस सहित आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। जिले के पुलिस कप्तान एसएसपी अमित पाठक ने थाना एत्माद्दौला पुलिस को दिशा निर्देश जारी किए। इससे पहले भी जिले के पुलिस कप्तान अमित पाठक ने मोटरसाइकिल पर बैठकर सादा वर्दी में हरीपर्वत रकाबगंज और ताजगंज थाना क्षेत्र में औचक निरीक्षण कर शराबियों और लपकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।
आते ही दिखाए थे सख्त तेवर
गौरतलब है कि एसएसपी अमित पाठक ने जिले की कमान संभालने के दौरान सख्त तेवर दिखाए थे। ओपन बार के नाम पर शराब पीने वाले लोगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई थी, जिसके चलते कई पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर, निलंबन की कार्रवाई झेलनी पड़ी थी।