
Taj Mahal Tourists Indian Culture: आगरा में विश्व धरोहर ताजमहल का दीदार करने पहुंचे विदेशी मेहमानों के बीच भारतीय संस्कृति की खूबसूरत झलक देखने को मिली। मोहब्बत की इस निशानी को निहारने आए पर्यटक यहां की परंपराओं और रहन-सहन से खासे प्रभावित नजर आए। कई सैलानियों ने स्मारक की खूबसूरती के साथ-साथ भारत की विविध संस्कृति को भी करीब से महसूस किया।
ताजमहल परिसर में कई विदेशी पर्यटक भारतीय अंदाज में अभिवादन करते दिखे। किसी ने हाथ जोड़कर "नमस्ते" कहा तो किसी ने स्थानीय लोगों से मुस्कुराकर बातचीत की। पारंपरिक पहनावे और तौर-तरीकों को देखकर भी पर्यटकों में खास उत्सुकता रही। कुछ सैलानी भारतीय परिधान में तस्वीरें खिंचवाते नजर आए, जबकि कुछ ने गाइड से यहां की परंपराओं और रीति-रिवाजों के बारे में जानकारी भी ली।
फ्रांस से आईं पर्यटक अलेक्जेंड्रा पहली बार ताजमहल पहुंची थीं। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि मैं पहली बार ताजमहल आई हूं। यह जगह बहुत शानदार है। भारत में यह मेरा तीसरा दिन है और मुझे यहां बहुत मजा आ रहा है। यहां के लोग बहुत अच्छे हैं।
अलेक्जेंड्रा ने भारत की सुरक्षा को लेकर बनी धारणा पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि न्यूज में जो सुना था, उसके मुकाबले मुझे यहां काफी सुरक्षित महसूस हो रहा है, इसलिए जो भी यह देख रहा है, उसे भारत जरूर आना चाहिए। चिंता न करें, बस घूमने आएं, आपको पछतावा नहीं होगा।
बता दें कि ताजमहल हर साल लाखों देसी-विदेशी पर्यटकों को अपनी ओर खींचता है। ऐसे में विदेशी मेहमानों का सकारात्मक अनुभव देश की पर्यटन छवि को मजबूत करता है। पर्यटकों का कहना है कि भारत की मेहमाननवाजी, यहां की विविधता और ऐतिहासिक धरोहरें उन्हें बार-बार आने के लिए प्रेरित करती हैं।
ताजमहल की भव्यता के साथ-साथ भारतीय संस्कृति की यह झलक विदेशी सैलानियों के लिए यादगार बन गई। कई पर्यटकों ने कहा कि वे अपने देश लौटकर भी भारत की इन यादों को दूसरों के साथ साझा करेंगे और उन्हें यहां आने के लिए प्रेरित करेंगे।