
आगरा। कल 26 जनवरी है। 27 जनवरी को शनिवार है और 28 का रविवार। वीकेंड के ये तीन दिन सैलानियों को लुभाने वाले होंगे। इन दिनों के लिए आगरा में कई होटलों में पहले से ही बुकिंग हो चुकी है। वहीं 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के मौके पर ताजमहल देखने वाले पर्यटकों के लिए एक मायूसी की खबर है। ताजमहल 26 जनवरी को बंद रहेगा। ताजमहल में पर्यटक प्रवेश नहीं कर सकेंगे, शुक्रवार होने के चलते सिर्फ नमाजी ही ताजमहल में प्रवेश कर सकेंगे। ऐसे में गणतंत्र दिवस के मौके पर ताजमहल देखने वाले पर्यटकों को निराश होना पड़ेगा।
ताजमहल पर छुट्टी के दिनों में उमड़ा था सैलाब
गौरतलब है कि पिछले दिसम्बर माह में सैलानियों की भारी भीड़ ने ताजमहल का दीदार किया था। एक दिन में पचास हजार से अधिक सैलानियों ने ताजमहल देखा था। ताजमहल पर सारी व्यवस्थाएं धरी रह गई थी। एक बार फिर से ताजमहल पर भारी भीड़ जुटेगी, ऐसे में ताज महल पर प्रबंधन के लिए एएसआई के सामने भारी चुनौतियां होंगी।
तीन दिन की छुट्टी के लिए तैयार हो गए होटल
पहले क्रिसमस , फिर नए साल के पर्व के लिए आगरा में नोटबंदी और जीएसटी की मंदी के बाद होटल और रेस्टोरेंट में रौनक लौटी थी। अब एक बार फिर से होटलों में बहार आ रही है। शुक्रवार, शनिवार और रविवार के लिए होटलों और गेस्टहाउस में अच्छी संख्या में सैलानियों ने बुकिंग कराई है। होटल एंड रेस्टोरेंट आॅनर्स के अध्यक्ष राकेश बाधवा ने बताया कि पिछले कई महीनों की मंदी के बाद पर्यटन व्यवसाय में थोड़ा सा बूम आया था। तीन दिन की छुट्टी के लिए आगरा में होटल और रेस्टोरेंट तैयार हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि पर्यटक अच्छी संख्या में आ सकेंगे।
कोहरे ने किया है वीकेंड की छुट्टी पर वार
कोहरे ने वीकेंड की छुट्टी पर वार कर दिया है। आगरा में रेल और सड़क यातायात से आने वाले सैलानी ट्रेन के देरी से आने के चलते परेशान हो रहे हैं। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि शीतलहर लोगों को परेशान करेगी। आने वाले दिनों में कोहरा छटने की पूरी उम्मीद है। लेकिन शीतलहर से अभी राहत नहीं मिलेगी। पहाड़ी इलाकों पर हुई बर्फबारी के चलते मैदानी इलाकों में शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा।