
आगरा। उत्तर प्रदेश की पर्यटन मंत्री डॉ. रीता बहुगुणा जोशी का कहना है कि भारत वर्ष में दिल्ली के बाद सबसे महत्वपूर्ण आगरा है। इसी कारण भारत सरकार ने ताज महोत्व को अपने कैलेंडर में शामिल किया है। उन्होंने कहा कि बृज क्षेत्र प्रेम और संस्कृति के लिए प्रसिद्ध है। आगरा और मथुरा-वृंदावन में पर्यटन विकास की और अधिक संभावनाएं हैं। प्रदेश सरकार उत्तर प्रदेश में पर्यटन विकास के लिए कार्य कर रही है। हमारे मुख्यमंत्री चाहते हैं कि आगरा और मथुरा का पर्यटन विकास इस तरह से हो कि पर्यटक यहां एक-दो रात गुजारकर जाए।
भारत की दो आइकन इमारतें आगरा में
ताज महोत्सव में आई डॉ. जोशी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि आगरा को सुंदर नगर बनाने का प्रयास हो रहा है। भारत के आइकन के लिए चुनी गई इमारतों में दो इमारतें ताज एवं फतेहपुर सीकरी आगरा में स्थित हैं। ताज औेर फतेहपुर सीकरी तर्ज पर ही आगरा फोर्ट एवं अन्य ऐतिहासिक इमारतों को भी विकसित किया जायेगा, जिससे आने वाले पर्यटक इन इमारतों को देखने के लिए और अधिक आकर्षित हों। उत्तर प्रदेश में पर्यटन को इतना उठाना है कि उत्तर प्रदेश पर्यटन का मुख्य केन्द्र बन जाए। आगरा के निवासियों से अपील है कि प्रदूषण को दूर करने में सहयोग करें। ताज महोत्सव का लाभ उठाएं।
सूरजकुंड की तरह लगे क्राफ्ट मेला
उन्होंने कहा कि मुख्य मन्त्री योगी आदित्यनाथ की मन्शा है कि जिस प्रकार से हरियाणा में सूरजकुण्ड में क्राफ्ट मेला लगता है, उसी प्रकार उत्तर प्रदेश में भी प्रति वर्ष एक क्राफ्ट मेले का आयोजन किया जाये, जिसके लिए सरकार प्रयास कर रही है। सरकार ’’वन डिस्ट्रिक-वन-प्रोजेक्ट’’ को लेकर कार्य कर रही है। इसीलिए पहली बार बजट में शिल्पियों का विशेष ध्यान रखा गया है। सरकार शिल्पियों को ऋण देने, सब्सिडी देने एवं नई डिजाइनों से वाकिफ कराने तथा उनके द्वारा तैयार किए गये सामान को बाजार में अच्छी कीमत दिलाने के लिए प्रयत्न कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश उन्नति के पथ पर अग्रसर है, व्यवस्था ठीक होने जा रही है। केवल पर्यटन क्षेत्र में ही 11 हजार करोड़ के 27 अनुबन्ध किए गये हैं, जिससे उत्तर प्रदेश एक मुख्य पर्यटक केन्द्र बन सके। पूरी दुनिया से लोग प्रदेश में निवेश के लिए आने को तैयार हैं। हमें ऐसा प्रयास करना है कि उत्तर प्रदेश भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदेश बन जाये। आगरा महोत्सव हमारी शान है।
कलावीथिका का अवलोकन
पर्यटन मंत्री ने डॉ. भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय आगरा की ओर से ललित कला संस्थान व इतिहास व सांस्कृतिक विभाग द्वारा छत्रपति शिवाजी महाराज पर आयोजित कलावीथिका का अवलोकन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि आज छत्रपति शिवाजी का मनोबल, उनकी सोच, उनकी निर्भीकता एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण प्रेरणादायक है। उन्होंने सदैव महिलाओं का सम्मान किया एवं गरीबों का साथ दिया। उन्होंने मुगल साम्राज्य का डट कर मुकाबला किया और गुरिल्ला प्रणाली से युद्ध करते विजयश्री प्राप्त की। उन्होंने उत्तराखण्ड की गायिका पद्मश्री वसन्ती बिष्ट को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर मण्डलायुक्त के राममोहन राव ने मन्त्री को भी प्रतीकचिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, महेश गोयल, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम भदौरिया, जिलाधिकारी गौरव दयाल, डॉ. बीआर आंबेडकर यूनिवर्सिटी के कुलपति अरविंद कुमार दीक्षित उपस्थित थे।