आगरा

ताज महोत्सव 2018: आगरा की धरोहर के बारे में मिलेगी पूरी जानकारी, देखें वीडियो

18 फरवरी को होगा ताज महोत्सव का शुभारम्भ।
2 min read
Feb 15, 2018
Taj Mahotsav 2018
Taj Mahotsav 2018

आगरा। ताजमहल के आंगन कहे जाने वाले शिल्पग्राम में कला, साहित्य और संस्कृति के महोत्सव का आगाज 18 फरवरी, 2018 से होने जा रहा है। ताजमहोत्सव की तैयारियां जोरों से शुरू हो गई हैं। शिल्पग्राम में इस बार सुरों की महफिल ही नहीं सजेगी, बल्कि गालिब, नजीर और सूरदास भी नजर आएंगे। आगरा घराना के लोगों को खास तवज्जो दी जाएगी। ब्रज के प्रमुख स्थलों के चित्र भी लगाकर सैलानियों को यहां की धरोहर से रूबरू कराने की पूरी तैयारी है।

शुरू हुई तैयारियां
ताज महोत्सव 2018 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस बार ये महोत्सव अपनी थीम के अनुरूप अलग ही छटा बिखेरेगा। ताज महोत्सव 2018 की थीम धरोहर रखी गई है। कुछ इसी थीम के अनुरूप शिल्पग्राम की दीवारों को सजाया संवारा जा रहा है। 18 से 27 फरवरी तक होने वाले इस आयोजन को लेकर पर्यटन अधिकारी भी दिन रात एक किए हुए हैं। ताज महोत्सव वैसे तो हर वर्ष खास होता है, लेकिन इस बार ये महोत्सव अपनी थीम के अनुरूप दिखाई देगा। शिल्पग्राम की दीवारों को सजाया संवारा जा रहा है। जहां महोत्सव की स्टॉल लगेंगी, उन स्टॉलों के आस पास खड़ेे पिलर्स पर आकर्षक पेटिंग की जा रही हैं।

आगरा की धरोहर के होंगे दर्शन
ताज महोत्सव इस बार मुगलिया ही नहीं, बल्कि पूरे ब्रज क्षेत्र की संस्कृति को दर्शाएगा। थीम का नजारा पूरे शिल्पग्राम परिसर में दिखाई देगा। गालिब और नजीर के साथ ही कवि सूरदास के कटआउट परिसर में लगे दिखाई देंगे। इनके बारे में भी विस्तार से लिखा होगा, जिससे सैलानी आगरा की इन धरोहरों के बारे में जान सकें। आगरा के अलावा मथुरा के स्मारकों को भी लोगों से परिचित कराने के लिए उनके फ्लैक्स लगाए जाएंगे। शिल्पग्राम में प्रवेश करते ही बाईं ओर बने हॉल में इन धरोहरों के चित्र भी लगाए जाएंगे। इसके पीछे उद्देश्य ब्रज की धरोहरों के बारे में सैलानियों को बताना है। महोत्सव में पहली बार ब्रज के दर्शन होंगे।

Published on:
15 Feb 2018 09:47 am