आगरा

समझ जाओ…नहीं माना तो बना खौफनाक प्लान, पीट-पीटकर कुएं में फेंका

उत्तर प्रदेश से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां के आगरा में प्रेम संबंधों के चलते 16 वर्षीय किशोर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि पहले किशोर को पीटकर अधमरा किया गया और फिर उल्टा लटकाकर कुएं में फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में पिता-पुत्र समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
2 min read
Mar 24, 2026
murder

आगरा के सलेमाबाद गांव निवासी देवेंद्र सिंह के 16 वर्षीय बेटे चंद्रवीर उर्फ मोनू की शुक्रवार रात हत्या कर दी गई थी। जांच में सामने आया कि चंद्रवीर का आरोपियों की रिश्तेदार एक युवती से प्रेम संबंध था। परिजनों ने कई बार इस रिश्ते का विरोध किया और किशोर को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना।

इसके बाद आरोपियों ने साजिश रची। गांव के ही अभिषेक ने पहले चंद्रवीर से दोस्ती की और उसे अपने विश्वास में लिया। शुक्रवार शाम वह उसे गांव के बाहर खेतों में स्थित एक कुएं के पास ले गया।

समझाने के बाद बेरहमी से पिटाई

कुएं के पास पहले से ही अभिषेक के पिता विजय सिंह, चचेरा भाई रामू, चाचा राजकुमार और उमेश मौजूद थे। सभी ने मिलकर चंद्रवीर को प्रेम संबंध खत्म करने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना।

इसके बाद आरोपियों ने उसे बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। जब वह अधमरा हो गया, तो अभिषेक, विजय और रामू ने उसे पैरों से पकड़कर उल्टा लटकाया और कुएं में फेंक दिया। पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई।

भागते समय आरोपी भी हुआ घायल

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इसी दौरान मुख्य आरोपी अभिषेक खेतों में लगे कंटीले तारों में फंसकर घायल भी हो गया, लेकिन किसी तरह वहां से निकल गया।

पुलिस ने किया खुलासा, तीन गिरफ्तार

डीसीपी पश्चिम आदित्य के अनुसार, मामले की जांच के बाद सोमवार को अभिषेक, विजय और रामू को मलिकपुर अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

गांव में पुलिस तैनात

पुलिस के मुताबिक, आरोपी अभिषेक ने पुलिस को बताया कि चंद्रवीर के प्रेम संबंध उसकी बहन से हो गए थे। दोनों साथ में दौड़ लगाने जाते थे। उसे कई बार मना किया मगर वो मानने के लिए तैयार नहीं हुआ। इस पर उसकी हत्या की साजिश रची। इसमें उसके पिता विजय सिंह और चाचा राज कुमार भी शामिल हो गए। घटना में शामिल अन्य आरोपी राजकुमार और उमेश अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। गांव में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है और लगातार गश्त की जा रही है।

Updated on:
24 Mar 2026 09:00 am
Published on:
24 Mar 2026 09:00 am