13 अगस्त 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पति को बेहोश कर मारा, फिर बाथरूम में दफनाया, कातिल रूबी के खिलाफ सगी बेटियों ने दिए बयान

Ruby Sharma Husband Murder: आगरा के दहतोरा में पति सुरेंद्र शर्मा की हत्या कर शव को बाथरूम में दफनाने के आरोप में जेल में बंद रूबी शर्मा के खिलाफ पुलिस जल्द चार्जशीट दाखिल करेगी। दोनों बेटियों ने पुलिस को 18 मई की सुबह का पूरा घटनाक्रम बताया है।
3 min read
Google source verification

आगरा

image

Aman Pandey

Aug 13, 2026

Agra murder

रूबी की फाइल फोटो।

Ruby Sharma Agra Murder Case: आगरा के रेणुका धाम में पति सुरेंद्र शर्मा की हत्या कर शव को बाथरूम के फर्श के नीचे दफनाने के आरोप में जेल में बंद रूबी शर्मा के खिलाफ पुलिस जल्द चार्जशीट दाखिल करेगी। मामले में रूबी की 14 वर्षीय बेटी प्राची और नौ वर्षीय बेटी सिद्धि ने भी पुलिस को बयान दिए हैं। दोनों ने 18 मई की सुबह हुई घटनाओं के बारे में पुलिस को बताया है। पुलिस के अनुसार, मामले में रूबी के खिलाफ कई अहम साक्ष्य जुटाए जा चुके हैं।

बेटियों ने पुलिस को बताई 18 मई की पूरी कहानी

प्राची और सिद्धि ने पुलिस को बताया कि 18 मई की सुबह मां ने ताऊ को फोन कर कहा था कि घर पर पुलिस आने वाली है। इसके बाद मां ने हमें और दादी को घर के बाहर बैठा दिया। घर पर बाहर से ताला लगा दिया। उस समय पापा घर के अंदर थे। हमें लगा कि पापा सो रहे हैं।

इसके बाद मां हमें और दादी को ताऊ के साथ भेजकर वहां से चली गईं। कुछ दिन बाद मां भी ताऊ के घर आ गईं। जब हम घर वापस आए तो बाथरूम पहले से ऊंचा बना हुआ था। हमने मां से इसकी वजह पूछी तो उन्होंने कहा कि बाथरूम पहले अच्छा नहीं लगता था, इसलिए उसे ऊंचा कराया है।

पुलिस ने बाथरूम के फर्श पर प्लास्टर करने वाले मजदूरों के भी बयान दर्ज किए हैं। मिट्टी बेचने वाले व्यक्ति से भी पूछताछ कर उसका बयान लिया गया है। रूबी की जेठानी ने भी उसके खिलाफ बयान दिए हैं।

डीएनए जांच से होगी कंकाल की पहचान

बाथरूम के फर्श के नीचे से बरामद कंकाल की पहचान की पुष्टि के लिए पुलिस डीएनए जांच करा रही है। कोर्ट से इसकी अनुमति मिल चुकी है। पुलिस सुरेंद्र शर्मा की मां के रक्त के नमूने लेकर कंकाल के डीएनए से मिलान कराएगी। डीएनए रिपोर्ट बाद में कोर्ट में दाखिल की जाएगी।पुलिस के मुताबिक, मामले की विवेचना अंतिम चरण में है और जल्द ही रूबी शर्मा के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जाएगी। रूबी फिलहाल जेल में है।

तीन जुलाई को हुआ था हत्याकांड का खुलासा

मामले का खुलासा तीन जुलाई को हुआ था। सुरेंद्र शर्मा के भाई अनिल शर्मा ने सिकंदरा पुलिस को फोन कर बताया था कि उनके भाई की हत्या हो चुकी है और शव घर के बाथरूम में दफनाया गया है। उन्होंने हत्या का आरोप रूबी शर्मा पर लगाया था।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने मजदूरों की मदद से बाथरूम के फर्श की खुदाई कराई। नीचे से कंकाल मिला। मौके से एक कड़ा और रुद्राक्ष की माला भी बरामद हुई थी। पुलिस के अनुसार, सुरेंद्र शर्मा इन चीजों को पहना करते थे। हालांकि, कंकाल की पहचान की अंतिम पुष्टि डीएनए जांच के बाद होगी।

पति की शराब की लत से परेशान होने की बात आई सामने

पुलिस की जांच में सामने आया कि रूबी अपने पति की शराब पीने की आदत से परेशान थी। आरोप है कि सुरेंद्र नशे की हालत में उसके साथ मारपीट और अभद्रता करता था। परिवार का खर्च उसकी मां को मिलने वाली पेंशन से चलता था। रूबी सिलाई का काम भी करती थी, लेकिन पुलिस के मुताबिक, सुरेंद्र उसकी कमाई भी ले लिया करता था।

पुलिस का आरोप है कि इन्हीं परिस्थितियों से परेशान होकर रूबी ने सुरेंद्र को दी गई खीर में नींद की गोलियां मिला दी थीं। इसके बाद उसकी हत्या कर शव को बाथरूम के फर्श के नीचे दफना दिया गया। सुरेंद्र शर्मा 18 मई से लापता था। 26 मई को उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।

पुलिस के मुताबिक, विवेचना में सबसे पहले वादी अनिल शर्मा के बयान दर्ज किए गए थे। सुरेंद्र के भाई और मां ने भी रूबी के खिलाफ बयान दिए हैं। पुलिस का कहना है कि उसके खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य जुटाए जा चुके हैं और जल्द चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की जाएगी।