स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सदस्यता अभियान के बाद बूथ समिति, मंडल अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष का चुनाव होगा। ये पार्टी का संगठनात्मक चुनाव है। वहीं जम्मू एवं कश्मीर से धारा 370 हटाए जाने के सवाल को भी स्वतंत्र देव सिंह टाल गए।
आगरा। उत्तर प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष बनने के बाद स्वतंत्र देव सिंह पहली बार आगरा आए। इस दौरान उनका कई जगह भाजपा कार्यकर्ताओं व नेताओं द्वारा जोशीला स्वागत किया गया। स्वतंत्र देव सिंह दोपहर करीब 2 बजे जूनियर हाईस्कूल नगला छउआ पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले डॉ भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। फिर भाजपा के सी श्रेणी के बूथ पर सदस्यता अभियान को गति दी।
यह भी पढ़ें- लोकतंत्र का स्वर्णिम दिन, अनुच्छेद 370 हटने से मुख्यधारा से जुड़ेगा कश्मीर: श्रीकांत शर्मा
बूथ संख्या 75- 76 पर पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष
सी श्रेणी बूथ संख्या 75, 76 पर भाजपा से संगठन पर्व, सदस्यता अभियान 2019 (साथ आएं, देश बचाएं) के तहत प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने लोगों को भाजपा की सदस्यता दिलाई। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि 6 जुलाई से 1 अगस्त तक सदस्यता अभियान चलाया गया। 1 से 12 अगस्त तक विशेष अभियान है। इस कार्य के लिए 30000 विस्तारक प्रदेश भर में निकले हुए हैं। उन्होंने कहा कि जाटव समाज के सी श्रेणी बूथ पर सदस्यता दिलाई है। इसके बाद सत्यापन होगा और बाद में सक्रिय सदस्यता दिलाई जाएगी।
यह भी पढ़ें- #JammuAndKashmir से #Article370 हटाए जाने के फैसले का मुस्लिम धर्मगुरुओं ने किया स्वागत, जम कर मना जश्न
संगठन में बदलाव पर चुप्पी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह से जब संगठन में फेरबदल के बाबत सवाल पूछा गया तो उन्होंने चुप्पी साध ली। हालांकि स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सदस्यता अभियान के बाद बूथ समिति, मंडल अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष का चुनाव होगा। ये पार्टी का संगठनात्मक चुनाव है। वहीं जम्मू एवं कश्मीर से धारा 370 हटाए जाने के सवाल को भी स्वतंत्र देव सिंह टाल गए।
ये रहे उपस्थित
इस दौरान ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी, जिला अध्यक्ष श्याम भदौरिया, शहर अध्यक्ष विजय शिवहरे, ब्रज क्षेत्र प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ल, कार्यक्रम संयोजक अशोक पिप्पल महानगर मंत्री भाजपा आदि मौजूद रहे।