आगरा

विश्व एड्स दिवस: सेक्स वर्कर्स ही नहीं आम महिलाएं भी बनीं शिकार

मोहब्बत की नगरी की एक सच्चाई यह भी, पिछले सात सालों में चार गुना बढ़ गए एड्स के मरीज

2 min read
Dec 01, 2017
aids patient increase
aids

आगरा। एड्स पर सरकारें, एनजीओ आदि तमाम जागरूक अभियान चला रहे हैं। लेकिन, इसके बाद भी मरीजों की संख्या में कोई कमी नहीं आ रही है। हालात ये हैं कि पिछले सात सालों में एड्स के मरीजों की संख्या में चार गुना बढ़ोत्तरी हुई है। नेशनल एड्स कंट्रोल सोसाइटी (नाको) भी इससे चिंतित है। एसएन मेडिकल कॉलेज के एआरटी सेंटर के आंकड़ों के अनुसार पिछले सालों में 4970 मरीजों की मौत हो चुकी है। इनमें से 1407 मरीज ऐसे थे, जो दवाएं ले रहे थे। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक हर साल करीब पांच सौ लोग इस तरह की बीमारी के कारण अपनी जिंदगी से हार रहे हैं।

4513 महिला मरीज हैं एआरटी सेंटर पर पंजीकृत
एसएन मेडिकल कॉलेज में संचालित एआरटी सेंटर में कुल 12,911 मरीज एचआईवी (ह्यूमन इम्यूनो डिफिशिएंसी वायरस) के पंजीकृत हैं। इनमें से 4513 महिला मरीज हैं, जो अपना इलाज करा रही हैं। बात पिछले सात सालों की करें, तो वर्ष 2010 में यहां ढाई हजार के करीब मरीजों की संख्या पंजीकृत थी। पिछले सात साल में ये संख्या बढ़कर बारह हजार हो गई। हैरानी की बात ये है कि इनमें से दस वर्ष के बच्चे भी शामिल हैं। दस वर्ष से कम उम्र के बच्चों की संख्या 790 है।

हर दिन आ रहे हैं, मरीज
एसएन मेडिकल कॉलेज के एआरटी सेंटर में हर दिन दो सौ लोग इलाज कराने के लिए आ रहे हैं। एसएन के एआरटी सेंटर पर रोजाना करीब दो सौ मरीज एचआईवी की जांच के लिए आ रहे हैं। आगरा में चोरी छिपे भी कई मरीज अपना इलाज करा रहे हैं। ऐसे मरीज एआरटी सेंटर पर आने से बच रहे हैं। अभी तक देहात के मरीज एआरटी सेंटर पर नहीं पहुंच रहे हैं। इसके पीछे जागरूकता की कमी होना भी बताया जा रहा है।

ऐसे होता है एड्स
संक्रमित खून चढ़ाने से
अनसेफ सेक्स (बिना कनडोम के) करने से
एक बार इस्तेमाल की जानी वाली सुई को दूसरी बार यूज करने से.
इन्फेक्टेड ब्लेड यूज करने से
HIV पॉजिटिव महिला के बच्चे में

सड़कों पर बंट रही जानलेवा बीमारी
एड्स से पीड़ित मरीज बीच में ही दवाएं छोड़ रहे हैं, जिसके चलते वे मौत के मुंह में जा रहे हैं। आगरा की सड़कों पर मौत की बीमारी बांटने वालों पर भी प्रशासन कोई कदम नहीं उठा रहा है। आगरा में एमजी रोड, भगवान टॉकीज, शाहदरा, सिकंदरा स्थित मंडी, जेपी पैलेस, माल रोड सहित कई स्थानों पर वैश्यावृत्ति हो रही है।

Published on:
01 Dec 2017 09:10 am