आगरा

विश्व पर्यावरण दिवस: ताजमहल के शहर आगरा में होगा वृक्ष भंडारा

ये भंडारा और कोई नहीं बल्कि वन विभाग कराने जा रहा है।
2 min read
Jun 05, 2018
Feature image

आगरा। विश्व पर्यावरण दिवस पर ताजमहल के शहर आगरा में वृक्ष भंडारा का आयोजन किया जा रहा है। ये भंडारा और कोई नहीं बल्कि वन विभाग कराने जा रहा है। इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। डीएफओ मनीष कुमार ने बताया कि आगरा की समाजसेवी संस्थाओं के साथ विभिन्न प्रकार की व्यवसायिक संस्थाओं से इस भंडारे के लिए सहयोग मांगा जा रहा है।

ये है इस भंडारे का उद्देश्य
जिस प्रकार से किसी धार्मिक आयोजन के दौरान भंडारे का आयोजन किया जाता है और उसमें लोग बढ़ चढ़ कर दान देते हैं, उसी प्रकार वृक्ष भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। इसमें वन विभाग ने आगरा के व्यवसायी, डॉक्टर्स, शिक्षक, अधिकारी, जनप्रतिनिधियों से दान की अपील की है। इतना ही नहीं वृक्षों को दान के लिए वन विभाग द्वारा इन लोगों से संकल्प पत्र भी भरवाए जा रहे हैं।

एक जुलाई से होगा वितरण
डिस्ट्रिक फॉरेस्ट आॅफीसर मनीष कुमार ने बताया कि एक जुलाई से वृक्ष भंडारे का आयोजन शुरू हो जाएगा। इसमें प्लान ये तैयार किया गया है कि दान दाताओं से ही वन विभाग इन पौधों का वितरण कराएगा। जिले भर में इसके लिए वन विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों की टीम जनसंपर्क में जुटी हुई है। उन्होंने बताया कि आगरा की होटल व्यवसायी, लैदर, जूता, स्कूल स्वामियों से भी वन विभाग के अधिकारी लगातार संपर्क में हैं और अपील ये की जा रही है, कि अधिक से अधिक लोग धरा को हरा भरा बनाने के लिए शुरू किए जा रहे इस विशेष अभियान में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लें।

Updated on:
05 Jun 2018 08:56 am
Published on:
05 Jun 2018 08:56 am