आगरा

विश्व रंगमंच दिवस: आगरा के रंगमंच की देन राज बब्बर

यहां पढ़ते समय नाटकों में लेते थे भाग, फिर नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में गए, कई कलाकार मुंबई में, फिल्मों में कर रहे अभिनय
2 min read
• •
Updated: 27 Mar 2018, 10:58 AM IST
World Theatre Day

आगरा। रंगमंच से निकलकर मुंबई में अपनी कलाकारी का लोहा मनवाने वालों में ताजनगरी के कलाकार भी पीछे नहीं है। मुंबई के सुपरहिट अभिनेता और राजनीति में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रहे राजबब्बर ने भी आगरा में छात्र जीवन में रंगमंच के कार्यक्रमों में भाग लिया था। जिसके बाद राजबब्बर ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। ऐसे ही कई कलाकार है जो ताजनगरी से रंगमंच से निकलकर मुबंई के सिनेमा जगत में अपना मुकाम हासिल कर चुके हैं।

स्कूल में नाटकों के बाद नहीं देखा पीछे मुड़कर
आगरा में राजबब्बर ने मुफीद ए आम इंटर कॉलेज में नाटकों में भाग लिया था। इसके बाद उन्हें ये लगाव दिल्ली ले गया और नेशनल स्कूल आॅफ ड्रामा के बाद मुबंई में सिल्वर स्क्रीन पर राजबब्बर छा गए। लेकिन, उनका आगरा से नाता जुड़ा रहा। अभिनेता के बाद नेता बने तो आगरा में आकर राजनीति का नया अध्याय लिखा।

फिल्म और टीवी सीरियल में बना चुके हैं पहचान
रंगलोक संस्था ने पहली बार आगरा में व्यवसायिक थिएटर शुरू किया। डिंपी मिश्र के नेतृत्व में इस संस्था की ओर से शहर में हर महीने एक नाटक का मंचन किया जाता था। वहीं वरिष्ठ रंगकर्मी केशव प्रसाद सिंह की अगुवाई में संस्कार भारती आगरा में कई साल से राष्ट्रीय स्तर पर नाट्य महोत्सव का आयोजन करती है। जिसमें देशभर से हर साल सैकड़ों कलाकार जुटते हैं। आगरा से निकलकर मुबंई पहुंचे कलाकारों में राजबब्बर और हास्य कवि शैल चतुर्वेदी की भूमिका अग्रणी है। आगरा में शबाना आजमी से लेकर नादिरा बब्बर और फारुख शेख जैसे कलाकार आगरा में रंगमंच को बढ़ावा देने के लिए आ चुके हैं और उन्होंने यहां नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया है।

विधा भगत है कई दशक पुरानी
आगरा में सबसे पुरानी मंचीय गायन शैली प्रस्तुति की विधा भगत है। रंगकर्मी अनिल शुक्ल ने इसे साल 2006 में पुर्नजीवन दिया। अब श्रीभगवान शर्मा के निर्देशन में भी भगत की प्रस्तुति हो रही है। वहीं 2006 में इस पर काम ? होने के बाद 2010 में लोहामंडी के पुनियापाड़ा मोहल्ले में भगत की प्रस्तुतियां हुईं। आज शिल्पग्राम के ताजमहोत्सव में होने वाले कार्यक्रमों में भी भगत की प्रस्तुति दी जाती है।

शहर में संचालित हैं ये थिएटर
ताजनगरी में रंगमंच की प्रस्तुतियों के लिए वैसे तो कई स्थान हैं। लेकिन, माथुर वैश्य महासभा भवन, सूरसदन प्रेक्षागृह, नागिरी प्रचारिणी, कलाकृति आदि प्रमुख स्थान है जहां रंगमंच की प्रस्तुतियां होती हैं। कई शिक्षण संस्थानों में भी अब रंगमंच की प्रस्तुति के लिए मंच तैयार हुए हैं। केंद्रीय हिंदी संस्थान में अभी हाल ही में तैयार हुए अटल बिहारी वाजपेयी अंतरराष्ट्रीय सभा भवन, आगरा कॉलेज का गंगाधर शास्त्री भवन और विश्वविद्यालय का जेपी सभागर रंगमंच के लिए तैयार है।

Updated on:
27 Mar 2018, 10:58 AM IST
Published on: