11 अप्रैल को आए तूफान और आंधी से पीड़ित किसानों को दी जाएगी मदद।
आगरा। 11 अप्रैल को आए भीषण तूफान व ओलावृष्टि के चलते हुई किसानों क्षति के मुआवजे के लिये शासन द्वारा 33 करोड़ रुपये की मदद दी जाएगी। तहसील प्रशासन द्वारा सर्वे रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। क्षेत्रीय विधायक चौधरी उदयभान सिंह ने बताया कि योगी सरकार से करीब 33 करोड़ की धनराशि किसानों की क्षतिपूर्ति के लिए स्वीकृत की गई है।
विधायक ने दी जानकारी
विधायक चौधरी उदयभान सिंह ने बताया कि 11 अप्रैल को आए भीषण तूफान और बारिश ने किसानों को बर्बाद कर दिया। इसके लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चिंतित है। यही कारण है कि उनके द्वारा किसानों की पीड़ा को समझा है। उन्होंने बताया कि तहसील प्रशासन द्वारा सर्वे कर शासन को रिपोर्ट भेजी गयी थी। उस रिपोर्ट के बाद विधायक चौधरी उदयभान सिंह लखनऊ जाकर मिले और उनके प्रयासों से शासन द्वारा 32 करोड 96 लाख 952 रूपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। उक्त धनराशि का वितरण शीघ्र ही किसानों को किया जाएगा। जो पीड़ित किसानों के बैंक खातो में जाएगी।
किसानों को दें उनका हक
उक्त मामले में विधायक चौधरी उदयभान सिंह ने आशंका जतायी है कि मुआवजे के वितरण में खेतिहर मजदूरों के साथ अन्याय होने की आशंका है। उन्होने कहा कि व्यवहार मे देखा गया है कि कुछ किसान अपने कृषि भूमि को खेतिहर किसानों व मजदूरों को भेज पर उठा देते हैं और मुआवजा कृषि भूमि के मालिक के नाम ही स्वीकृत होता है, ऐसी स्थिति में खेतिहर मजदूरों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान के लिए विधायक ने किसानों से अपील की है कि वे खेतिहर मजदूरों के साथ नाइंसाफी न करें और उनका हक उन्हें दें।