
आगरा। जिला पंचायत अध्यक्ष के तख्ता पलट के लिए उल्टी गिनतियां शुरू हो गईं। पंचायत सदस्यों को अपने पाले में लाने के लिए सपा और भाजपा समर्थित जुट गए हैं। 31 पंचायत सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव सौंपा है। इसके बाद जिलाधिकारी ने मतदान के लिए 26 सितंबर को बैठक बुलाई है। सपा जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी बचेगी या फिर जाएगी इसके लिए जोड़ तोड़ का दौर चल रहा है।
पंचायत सदस्य रात को आएंगे
जिला पंचायत सदस्य इन दिनों मलाई मार रहे हैं। कई पंचायत सदस्य दोनों तरफ मलाई मार रहे थे। पंचायत सदस्यों की खरीद फरोख्त किसी से छुपी नहीं है। सपा जिला पंचायत अध्यक्ष अपनी कुर्सी सुरक्षित बता रहे हैं, तो वहीं भाजपा ने अभी तक किसी को दावेदारी नहीं दी है। लेकिन भाजपा समर्थित प्रबल प्रताप अध्यक्ष की कुर्सी के लिए लगातार दमखम लगा रहे हैं। पंचायत सदस्यों को टूर के लिए भेजा गया है। दिल्ली और देहरादून गए जिला पंचायत सदस्यों को 26 सितंबर को जिला पंचायत भवन में वोटिंग के लिए आना होगा। इससे पहले पंचायत सदस्य सोमवार की रात को गुप्त तरीके से लौटेंगे और रात में किसी गुप्त स्थान पर आगरा में ठहराए जाएंगे। ताकि किसी सदस्य पर कोई दबाव न बनाया जा सके।
जिला पंचायत के बाद नजरें ब्लॉक प्रमुखी पर
गौरतलब है कि जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी का तख्ता पलट करने के बाद नजरें एत्मादपुर के ब्लॉक प्रमुख के पद पर टिकेंगीं। ब्लॉक प्रमुख के पद के लिए राजाबेटी बघेल के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का पत्र सौंपा जा चुका है।
51 सदस्य है
काबिलेगौर है कि जिला पंचायत आगरा में 51 सदस्य हैं। इनमें से 31 ने अविश्वास प्रस्ताव के हस्ताक्षर किए पत्र सौंपे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जो अविश्वास प्रस्ताव का पत्र सौंपा गया है, उसमें बहुमत से अधिक सदस्यों के हस्ताक्षर हैं। वोटिंग के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। 24 घंटे से भी कम समय रह गया है अब स्थिति स्पष्ट होने में