अधिवेशन के लिए जुटे सपाई
प्रदेश स्तरीय सम्मेलन में अखिलेश यादव ने सक्रिय कार्यकर्ताओं को उर्जा की डोज दी। इसके बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन के लिए अब पार्टी पदाधिकारी जुट गए हैं। आगरा से तीन सौ सक्रिय कार्यकर्ता इस सम्मेलन में पहुंचे थे। वहीं राष्ट्रीय अधिवेशन में लाखों कार्यकर्ता जुटेंगे। ऐसे में समाजवादी पार्टी से जो जुड़े हैं, वे ही इस अधिवेशन का हिस्सा होंगे। महानगर अध्यक्ष रईसुद्दीन कुरैशी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि मुलायम सिंह यादव ही उनके मार्गदर्शक है। ये पार्टी मुलायम सिंह यादव ने ही खड़ी थी और उनके दिशा निर्देश में आगे बढ़ेगी। इसके बाद कोई संशय बाकी नहीं है। जो नकली समाजवादी होने का ढोंग कर रहे हैं, उनके लिए पार्टी में कोई जगह नहीं है। वहीं महानगर मीडिया प्रभारी सौरभ गुप्ता ने कहा कि पार्टी को युवा नेतृत्व मिला है और अखिलेश यादव के निर्देशों के बाद नकली समाजवादियों की सूची तैयार हो गई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के पास ऐसे नाम भेजे गए हैं, जो समाजवादी होने के नाम पर पार्टी की छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं।