अहमदाबाद

Firecracker Factory Blast: अहमदाबाद की पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, आठ की मौत, कई घायल

Ahmedabad Factory Blast: अहमदाबाद के वस्त्राल इलाके में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। धमाके के बाद फैक्ट्री में आग लग गई और मौके पर राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया।
2 min read
Firecracker Factory Blast
फैक्ट्री में लगी आग। फोटो (X-@DDNewsGujarati)

अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद के वस्त्राल इलाके में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यह घटना रामोल-गतराड रोड के पास स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में हुई।

विस्फोट के बाद लगी आग

विस्फोट के बाद फैक्ट्री में आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की पांच से अधिक गाड़ियां, एम्बुलेंस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के साथ राहत और बचाव कार्य शुरू किया। फैक्ट्री में उस समय करीब 8 से 10 लोग काम कर रहे थे। विस्फोट इतना भीषण था कि कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

अवैध रूप से चल रही थी फैक्ट्री

जांच में सामने आया है कि इस फैक्ट्री का लाइसेंस पहले ही रद्द किया जा चुका था, लेकिन इसके बावजूद यहां पटाखे बनाने का काम जारी था। अहमदाबाद पुलिस ने कहा कि मामले में गैर इरादतन हत्या और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया जाएगा। विस्फोट की वजह पता लगाने के लिए फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम और अन्य जांच एजेंसियों को मौके पर बुलाया गया है।

मौके पर पहुंचे आरएएफ कैंप के जवान

फैक्ट्री के पास ही स्थित वस्त्राल आरएएफ कैंप के जवान धमाके की आवाज सुनते ही मौके पर पहुंच गए। फायर ब्रिगेड के आने से पहले उन्होंने घायल और मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। फिलहाल पुलिस और प्रशासन हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं।

महापौर, पुलिस अधिकारी पहुंचे

वहीं हादसे की सूचना पर अहमदाबाद महानगरपालिका के अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, महापौर हितेश बारोट, मनपा आयुक्त बंछानिधि पाणि, क्राइम ब्रांच के संयुक्त पुलिस आयुक्त (जेसीपी) शरद सिंघल, सेक्टर-2 के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त जयपाल सिंह राठौड़ तथा जोन-8 के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) मयूर पाटिल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान की निगरानी की।

मुख्यमंत्री ने हादसे पर शोक जताया

वहीं मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने फैक्ट्री में हुई दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। इस हादसे में कई लोगों की मौत हो गई है। मुख्यमंत्री ने मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने कहा कि स्थानीय प्रशासन की ओर से प्रभावित लोगों को सभी आवश्यक सहायता और उपचार मुहैया कराया जा रहा है।

उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। राज्य सरकार ने मृतकों के परिवारजनों को 4 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्घटना में जान गंवाने वाले मृतकों के परिवारजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। राज्य सरकार हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी। प्रशासन की ओर से राहत कार्य जारी है और सभी प्रभावितों को आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। सरकार ने सहायता राशि वितरण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

Updated on:
18 Jul 2026 07:15 pm
Published on:
18 Jul 2026 05:31 pm