
ahmedabad: महानगरपालिका (मनपा) ने शहर में स्ट्रीट फूड की गुणवत्ता और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए पंजीकृत 11,539 स्ट्रीट फूड वेंडरों में से पांच वेंडरों को जुलाई माह का 'श्रेष्ठ स्ट्रीट फूड वेंडर' चुना है।
जिन पांच स्ट्रीट फूड वेंडरों का सम्मान किया गया, उनमें मोटेरा, वस्त्राल, नरोडा और ईसनपुर के वेंडर शामिल हैें। इनका चयन क्यूआर कोड आधारित फीडबैक प्रणाली के तहत 66876 नागरिकों से प्राप्त रेटिंग और सुझावों के आधार पर किया गया। चयनित वेंडरों को हेल्थ एंड सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट कमेटी के चेयरमैन तथा मनपा उपायुक्त ने शॉल ओढ़ाकर और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
मनपा के स्वास्थ्य (फूड) विभाग के अनुसार शहर के सातों जोन में अब तक 11539 स्ट्रीट फूड वेंडरों का पंजीकरण किया जा चुका है। प्रत्येक पंजीकृत वेंडर को एक यूनिक क्यूआर कोड दिया गया है, जिसे ग्राहक अपने मोबाइल से स्कैन कर स्वच्छता, हाइजीन, खाद्य गुणवत्ता, ग्राहक सेवा और व्यवहार के आधार पर रेटिंग व फीडबैक दे सकते हैं। इसी फीडबैक के आधार पर हर महीने श्रेष्ठ वेंडरों का चयन किया जाता है। विभाग का कहना है कि इस व्यवस्था से वेंडरों में स्वच्छता और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की प्रतिस्पर्धा बढ़ी है। साथ ही नागरिकों की भागीदारी से खाद्य सुरक्षा व्यवस्था भी अधिक प्रभावी हुई है।
अहमदाबाद शहर के खोखरा स्थित एएमसी डेंटल कॉलेज एवं अस्पताल में दंत चिकित्सा की मास्टर ऑफ डेंटल सर्जरी (एमडीएस) में छह अतिरिक्त सीटों को केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है।
केंद्र के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने ऑर्थोडॉन्टिक्स तथा कंजर्वेटिव डेंटिस्ट्री विभाग में तीन-तीन अतिरिक्त सीटों की स्वीकृति प्रदान की है।कॉलेज प्रशासन के अनुसार दोनों विभागों में वर्तमान में नवीनीकरण (रिनोवेशन) का कार्य चल रहा है। विभागों को अत्याधुनिक उपकरणों से सुसज्जित करने के साथ ही पूरी तरह वातानुकूलित बनाया जा रहा है। इसी शैक्षणिक सत्र से बढ़ी हुई एमडीएस सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जाएगी। अतिरिक्त सीटों की मंजूरी से दंत चिकित्सा के विशेषज्ञ तैयार करने की क्षमता बढ़ेगी। साथ ही विद्यार्थियों को स्नातकोत्तर स्तर पर अध्ययन के अधिक अवसर मिलेंगे और मरीजों को भी इसका लाभ मिलेगा।