10 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Ahmedabad: भागने की कोशिश कर रहे दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने मारी गोली

आनंदनगर में युवती से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया था सिक्युरिटी गार्ड, डीसीपी ने किया दावा- पीआइ की सर्विस पिस्टल छीनने के दौरान हाथापाई में चली गोली, कांस्टेबल भी घायल, दोनों खतरे से बाहर
2 min read
Google source verification
rape accused

अहमदाबाद शहर पुलिस की गिरफ्त में रेप का आरोपी सिक्युरिटी गार्ड।

Ahmedabad. शहर के आनंदनगर इलाके में युवती से दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार आरोपी सिक्युरिटी गार्ड ने पुलिस की गिरफ्त से भागने के लिए पुलिस निरीक्षक (पीआइ) की सर्विस पिस्टल छीनने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस ने आरोपी के पैर में गोली मार दी। यह घटना हेबतपुर इलाके में उस समय हुई जब मेडिकल जांच, डीएनए सैंपल की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस टीम आरोपी को लेकर पीडि़ता के मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए उसे लेकर गई थी और पंचनामा की प्रक्रिया कर रही थी। इसमें कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह और आरोपी दोनों को गोली लगी।

जोन-7 के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) शिवम वर्मा ने सोमवार को संवाददाताओं को बताया कि आरोपी सिक्युरिटी गार्ड धर्म सिंह को रविवार देर रात हेबतपुर इलाके में उस मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए ले जाया गया था, जिसे उसने पीड़िता से चोरी किया था। पुलिस वहां पंचनामा की कार्रवाई कर रही थी। आरोपी को जब पुलिस वाहन में बिठाया जा रहा था, उसी समय आरोपी धर्म सिंह ने पुलिस से बचकर भागने की कोशिश की, उसने पुलिस इंस्पेक्टर आर.एस.परमार की सर्विस पिस्टल छीनने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों और आरोपी के बीच हाथापाई हो गई।

हाथापाई में चली गोली

डीसीपी वर्मा के अनुसार हाथापाई के दौरान इंस्पेक्टर की पिस्टल से एक गोली चली, जो कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह को लग गई। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने आरोपी को काबू करने का प्रयास किया। इसी दौरान दूसरी गोली चली जो आरोपी धर्म सिंह के पैर में जाकर लगी। दोनों के जख्मी होने से उन्हें सोला सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां दोनों को उपचार दिलाया गया। दोनों खतरे से बाहर हैं और हालत स्थिर है। इस घटना के लिए बोडकदेव पुलिस आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के प्रयास का अलग मामला दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है।

रात को छत पर टहलने के दौरान दुष्कर्म

ज्ञात हो कि आरोपी सिक्युरिटी गार्ड धर्म सिंह पर शनिवार रात आनंदनगर थाना क्षेत्र में एक आवासीय इमारत की छत पर युवती से दुष्कर्म (रेप) करने का आरोप है। युवती रात को टहलने के लिए इमारत की छत पर गई थी। वहां आरोपी ने उसका गला दबाया और उससे रेप किया। आरोपी युवती को छत पर ही बंद कर उसका मोबाइल लेकर फरार हो गया था। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले का रहने वाला आरोपी को चार दिन पहले ही इमारत में सिक्युरिटी गार्ड के रूप में रखा गया था। घटना के बाद धर्म सिंह ने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया और फरार हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस और क्राइम ब्रांच की 10 टीमें गठित की गईं। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज व मुखबिरों की मदद से आरोपी को हेबतपुर के पास से पकड़ लिया गया।