अहमदाबाद

Ahmedabad: बारिश के बीच 108 एंबुलेंस में गूंजी नवजात की किलकारी, ट्रैक्टर और स्पाइन बोर्ड से गर्भवती का किया रेस्क्यू

-बगोदरा में ट्रैफिक जाम के बीच एंबुलेंस में सुरक्षित प्रसव, धोलका में जलभराव के बीच ट्रैक्टर से गर्भवती को अस्पताल पहुंचाया, 79 वर्षीय महिला को भी पानी से निकालकर बचाई जान
2 min read
108 Ambulance team
अहमदाबाद के बगोदरा में 108 एंबुलेंस में ही सफलतापूर्वक कराई प्रसूति।

Ahmedabad. शहर व जिले में भारी बारिश और उसके चलते जल भराव के हालातों के बीच 108 इमरजेंसी एंबुलेंस में ट्रैफिक के बीच नवजात की किलकारी गूंजी। टीम ने जाम में फंसी एंबुलेंस के भीतर सुरक्षित प्रसव कराया। दूसरी ओर जलमग्न रास्तों के बीच ट्रैक्टर और स्पाइन बोर्ड की मदद से गर्भवती महिला का रेस्क्यू कर उसे अस्पताल पहुंचाया। धोलका में पानी में गिरने से घायल हुई 79 वर्षीय महिला को भी सुरक्षित तरीके से अस्पताल पहुंचाया।

108 एंबुलेंस के प्रोग्राम मैनेजर जितेंद्र साही ने बताया कि अहमदाबाद और धोलका सहित ग्रामीण क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति के बीच पिछले दो दिनों से 108 की टीमें लगातार राहत कार्य में जुटी हैं।

बगोदरा में ट्रैफिक जाम, एंबुलेंस बनी प्रसूति कक्ष

बगोदरा के गांगड़ गांव में एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा शुरू होने पर परिजन ने 108 एंबुलेंस को बुलाया। पूरे इलाके में जलभराव से यातायात प्रभावित था। 108 टीम महिला को कोठ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जा रही थी, लेकिन रास्ते में ट्रैफिक जाम के कारण एंबुलेंस आगे नहीं बढ़ सकी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 108 टीम ने कॉल सेंटर में मौजूद फिजिशियन से टेलीफोन पर चिकित्सकीय सलाह ली और एंबुलेंस के भीतर ही सफलतापूर्वक प्रसव कराया। सुरक्षित डिलीवरी के बाद जच्चा और बच्चा दोनों को कोठ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। दोनों की हालत सुरक्षित बताई गई है।

धोलका में ट्रैक्टर से गर्भवती का रेस्क्यू

उधर धोलका की त्रिपदा सोसायटी निवासी 25 वर्षीय महिला को प्रसव पीड़ा शुरू हुई, लेकिन भारी जलभराव के कारण 108 एंबुलेंस उनके घर तक नहीं पहुंच सकी। ऐसे में 108 टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से ट्रैक्टर का सहारा लिया। टीम स्पाइन बोर्ड लेकर पानी के बीच गर्भवती तक पहुंची, उन्हें सुरक्षित ट्रैक्टर के जरिए एंबुलेंस तक लाया गया और फिर अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया गया। समय रहते किए गए इस रेस्क्यू से मां और शिशु दोनों को सुरक्षित चिकित्सा सुविधा मिल सकी।

79 वर्षीय महिला को भी पानी से निकालकर पहुंचाया अस्पताल

धोलका के कालिकुंड क्षेत्र स्थित सेतृजनी सोसायटी में भारी जलभराव के बीच 79 वर्षीय एक महिला को अचानक चक्कर आने से वह पानी में गिर गईं। सूचना मिलते ही 108 की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन सड़क पर भरे पानी के कारण एंबुलेंस घर तक नहीं जा सकी। पानी के बीच पैदल पहुंचकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाला और एंबुलेंस तक लाकर अस्पताल में भर्ती कराया।

Updated on:
25 Jul 2026 10:50 pm
Published on:
25 Jul 2026 10:50 pm