
अहमदाबाद के खानपुर स्थित शहर भाजपा कार्यालय में तैनात सुरक्षाकर्मी।
Ahmedabad. प्रभास पाटण. गुजरात में एक बार फिर बम धमाके की धमकी मिलने की घटना सामने आई है। अज्ञात शख्स द्वारा भेजे गए धमकी भरे ईमेल में राज्य के अति-संवेदनशील और प्रमुख स्थानों को निशाना बनाने का दावा किया गया। ई-मेल के जरिए सोमनाथ मंदिर, अहमदाबाद के खानपुर स्थित शहर भाजपा कार्यालय और गांधीनगर के कोबा स्थित गुजरात भाजपा मुख्यालय 'कमलम' समेत कई स्थानों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस, बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (बीडीडीएस), क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) और अन्य सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। संबंधित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। जांच में अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर धमकी को फर्जी बताया है और ईमेल के स्रोत की जांच की जा रही है।
धमकी में सोमनाथ मंदिर का भी उल्लेख होने के बाद गिर सोमनाथ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी। मंदिर परिसर और आसपास के प्रशासनिक क्षेत्र की गहन जांच की गई। धमकी मिलने के बाद करीब 10 मिनट के लिए श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर से बाहर किया गया, जिसके बाद बम निरोधक दस्ते की टीम ने एंटी-सैबोटाज जांच की। मंदिर परिसर में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और स्थिति सामान्य बताई गई। गिर सोमनाथ के पुलिस उपाधीक्षक एमएफ चौधरी के अनुसार मंदिर सुरक्षा, स्थानीय क्राइम ब्रांच, एसओजी, बम निरोधक दस्ते और क्विक रिस्पॉन्स टीम को सक्रिय किया गया। पुलिस ने आसपास के होटलों की भी जांच की और संदिग्ध लोगों पर नजर रखने के निर्देश दिए।
कोबा में भाजपा के प्रदेश मुख्यालय 'कमलम' को उड़ाने की धमकी मिलते ही एहतियात के तौर पर पूरे परिसर को खाली करा गया। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की गहन छानबीन की। प्राथमिक जांच के बाद कोई संदिग्ध वस्तु न मिलने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली। अहमदाबाद के खानपुर स्थित शहर भाजपा कार्यालय में भी पूरे परिसर की जांच की। फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची।
अहमदाबाद सी-डिवीजन के एसीपी अद्वैत गांधी ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 9 बजे हमें राज्य खुफिया ब्यूरो , गांधीनगर से एक सूचना मिली थी, जिसके अनुसार खानपुर स्थित भाजपा कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। अलर्ट मिलने के बाद पुलिस और बम निरोधक दस्तों को संबंधित स्थानों पर भेजा गया। ईमेल में बम विस्फोट से संबंधित धमकी दी गई थी। ईमेल किसने भेजा और उसका स्रोत क्या है, इसकी जांच की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, धमकी भरे ईमेल में उकसाने वाले और आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। ईमेल की शुरुआत धार्मिक उद्घोष के साथ की गई है और इसमें पाकिस्तान व खालिस्तान के समर्थन में नारे लिखे होने का भी दावा किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार धमकी वाला ईमेल पहले पंजाब पुलिस को मिला था। पंजाब के डीजीपी ने इसकी जानकारी गुजरात पुलिस को दी, जिसके बाद राज्य में सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया और ईमेल में बताए गए स्थानों की जांच शुरू की गई।
धमकी ऐसे समय मिली है, जब गुजरात में हाल के दिनों में इसी तरह के फर्जी बम धमकी ईमेल की घटनाएं सामने आई हैं। पुलिस ने पिछले दिनों विधानसभा, गांधीनगर की कोर्ट और अहमदाबाद के एक स्कूल समेत कई स्थानों को धमकी देने वाले मामलों में कार्रवाई की थी। अब ताजा ईमेल का उन मामलों से कोई संबंध है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
Updated on:
21 Sept 2026 10:40 pm
Published on:
21 Sept 2026 10:40 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
