22 सितंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बीजेपी की सपा को नसीहत: ‘भस्मासुर’ कांग्रेस के साथ भस्म होना है या समझदारी दिखानी है, अखिलेश यादव खुद तय करें

Rohan Gupta: भाजपा के राष्ट्रीय सचिव रोहन गुप्ता ने कांग्रेस की तुलना 'भस्मासुर' से करते हुए सहयोगी दलों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि जो भी राजनीतिक पार्टी कांग्रेस के साथ जाएगी, वह पूरी तरह भस्म हो जाएगी।
2 min read
Google source verification
Akhilesh Yadav

अखिलेश यादव। फाइल फोटो- पत्रिका

UP Assembly Elections: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव रोहन गुप्ता ने कांग्रेस पार्टी और उसके इंडिया गठबंधन पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि जब भी किसी क्षेत्रीय पार्टी ने कांग्रेस के साथ गठबंधन किया है, उसे भारी नुकसान उठाना पड़ा है। रोहन गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिल्कुल सही कहा था कि कांग्रेस 'भस्मासुर' की तरह है, जो भी राजनीतिक दल इसके साथ जाता है, वह भस्म हो जाता है। यही स्थिति अब उत्तर प्रदेश में भी देखने को मिल रही है।

'सपा के लिए खतरे की घंटी'

उन्होंने याद दिलाया कि एक समय खुद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी कांग्रेस को 'चालू पार्टी' कहा था। आज जिस तरह से कांग्रेस अपने तीखे तेवर दिखा रही है, वह समाजवादी पार्टी के लिए एक खतरे की घंटी के समान है। अब यह सपा को तय करना है कि वह भस्मासुर के साथ जाकर भस्म होना चाहती है या समझदारी से काम लेगी। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की ओर से ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री किए जाने पर रोहन गुप्ता ने कड़ा ऐतराज जताया।

कांग्रेस की मानसिकता में कोई बदलाव नहीं आया

उन्होंने कहा कि लगातार हार का सामना करने के बावजूद कांग्रेस पार्टी की मानसिकता में कोई बदलाव नहीं आया है। प्रधानमंत्री के प्रति अभद्र भाषा का इस्तेमाल करना और उनके परिवार पर टिप्पणी करना कांग्रेस की आदत बन चुकी है। रोहन गुप्ता ने कहा कि राहुल गांधी को दूसरों पर टिप्पणी करने से पहले अपने शासित राज्यों में छात्रों की बदहाल स्थिति पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोटा के छात्रों ने निकाय चुनावों में कांग्रेस को करारा जवाब दिया है, लेकिन इसके बावजूद पार्टी अपनी गलतियों से सीखने को तैयार नहीं है।

स्वर्ण पदक पर जताई खुशी

भाजपा नेता ने एशियन गेम्स में भारतीय महिला क्रिकेट टीम द्वारा स्वर्ण पदक जीतने पर पूरे देश को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि यह देश के लिए एक बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में भारतीय खिलाड़ी अन्य खेलों में भी ऐसा ही शानदार प्रदर्शन जारी रखेंगे। रोहन गुप्ता ने कहा कि 140 करोड़ देशवासियों की शुभकामनाएं और आशीर्वाद खिलाड़ियों के साथ हैं।