21 सितंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

गुजरात में अब ‘किराए पर गरबा पार्टनर’ के पोस्ट वायरल, 500 से 6,500 तक पैकेज! पुलिस ने जारी किया अलर्ट

नवरात्रि से पहले 'रेंट ए गरबा पार्टनर' की धूम, सिल्वर-गोल्ड-प्लेटिनम पैकेज देख पुलिस अलर्ट सावधान! इंस्टाग्राम पर बिक रहे 'गरबा पार्टनर', अहमदाबाद साइबर क्राइम ने बताया ठगी का खतरा
2 min read
Google source verification
Social Media Fraud

अहमदाबा​द में सोशल मीडिया पर 'रेंट ए गरबा पार्टनर' के नाम पर पैकेज वायरल, photo source@ChatGpt

Cyber Fraud Alert: नवरात्रि में अभी वक्त है, लेकिन इस बार चर्चा गरबा पास या डांडिया नाइट की नहीं, बल्कि ‘रेंट ए गरबा पार्टनर’ की है। इंस्टाग्राम समेत सोशल मीडिया पर युवक-युवतियों की तस्वीरों के साथ ऐसे पोस्ट सामने आ रहे हैं, जिनमें 500 से 6,500 रुपए तक में गरबा पार्टनर उपलब्ध कराने के दावे किए जा रहे हैं। इनमें दो घंटे गरबा खेलने से लेकर पूरे दिन साथ रहने, सेल्फी लेने, डांस स्टेप सिखाने और रील बनाने तक के पैकेज हैं। अहमदाबाद पुलिस की साइबर क्राइम शाखा ने इन पोस्टों को लेकर सार्वजनिक चेतावनी जारी की है।

साइबर क्राइम शाखा की डीसीपी लवीना सिन्हा ने वीडियो संदेश में कहा कि पुलिस सोशल मीडिया पर चल रही इन ‘किराये पर पार्टनर’ पोस्टों की जांच कर रही है। यह भी देखा जा रहा है कि इनमें धोखाधड़ी या किसी दुर्भावनापूर्ण इरादे की भूमिका तो नहीं है। पुलिस ने भुगतान के लिए भेजे गए लिंक और फोटो वाले अटैचमेंट से खास तौर पर सावधान रहने को कहा है। इनके भीतर छिपे लिंक मोबाइल, मैसेजिंग ऐप या बैंक खाते को निशाना बना सकते हैं। पुलिस ने लोगों से ऐसे ऑफर के लालच में आने के बजाय सतर्क रहने की अपील की है।

सिल्वर, गोल्ड और प्लेटिनम पैकेज

पिछले एक सप्ताह में ऐसी कई पोस्ट सामने आई हैं। इनमें सिल्वर, गोल्ड और प्लेटिनम जैसे नामों से पैकेज बनाए गए हैं। बेसिक पैकेज 500 से 2,000 रुपए में दो घंटे की कंपनी, गरबा, मैचिंग ड्रेस, सेल्फी और डांस स्टेप सिखाने की पेशकश करते हैं। कुछ पोस्ट में महिला पार्टनर के लिए यही पैकेज 3,000 रुपए तक बताया गया है।

चार घंटे से पूरे दिन तक ‘साथ’

मिड-रेंज पैकेज 1,000 से 3,000 रुपए के हैं। इनमें चार घंटे गरबा खेलने, रील बनाने और कुछ मामलों में ‘रियल लाइफ पार्टनर’ जैसा दिखने तक की पेशकश है। सबसे महंगे पैकेज 5,000 से 6,500 रुपए तक बताए गए हैं। इनमें पूरे दिन गरबा, बातचीत, हाथ पकड़कर घूमना, फोटो और रील बनाने जैसी सेवाओं का दावा है।

पुलिस और साइबर सेल का अलर्ट

पुलिस का मानना है कि ये लुभावने विज्ञापन ऑनलाइन ठगी, फिशिंग या अकाउंट हैकिंग का जरिया हो सकते हैं। अनजान लोगों को पैसे भेजने या संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बैंक खाता खाली हो सकता है। यदि आपके साथ ऐसी किसी धोखाधड़ी या ठगी की कोशिश होती है, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।