
ममता बनर्जी(फोटो-ANI)
Mamata Banerjee On Jamui Viral Video: बिहार के जमुई में नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़, मारपीट और अभद्र व्यवहार का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने घटना को लेकर बिहार की बीजेपी नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने घटना को बेहद परेशान करने वाला बताते हुए कहा कि कानून अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ पुलिस और कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए। ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया साइट 'X' पर लिखा कि बिहार से सामने आया वीडियो बेहद परेशान करने वाला और चौंकाने वाला है। उन्होंने कहा कि 'मोरल पुलिसिंग' के नाम पर कानून अपने हाथ में लेने वालों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। उनके मुताबिक किसी भी समाज में भीड़ को यह तय करने का अधिकार नहीं दिया जा सकता कि किसी व्यक्ति को सम्मान, आजादी या सजा मिलेगी।
ममता बनर्जी घटना में शामिल बच्चों का जिक्र करते हुए कहा कि देश के तौर पर कहीं न कहीं हम उनकी रक्षा करने में नाकाम रहे हैं। ममता ने कहा कि बच्चों ने वयस्कों, संस्थानों और समाज पर जो भरोसा किया था, उसकी रक्षा करना जरूरी था। ममता बनर्जी ने बीजेपी पर राजनीतिक दोहरे रवैये का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि बीजेपी के नेता उन राज्यों में न्याय की मांग करते हैं जहां उनकी सरकार नहीं है, लेकिन जहां बीजेपी सत्ता में है, वहां उनके अनुसार अन्याय का मामला सामने आता है।
घटना की बात करें तो जमुई में यह घटना 19 सितंबर की शाम करीब 7 बजे हुई। दसवीं कक्षा के नाबालिग छात्र और छात्रा कोचिंग के बाद एक जगह तस्वीरें लेने गए थे। लौटते समय कुछ युवकों ने दोनों को रास्ते में रोक लिया और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। घटना का वीडियो भी बनाया गया और बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जमुई के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल के अनुसार, वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने दोनों नाबालिगों की पहचान की और उनके बयान दर्ज किए। पुलिस ने वीडियो के आधार पर करीब सात आरोपियों की पहचान की है। इनमें से तीन को गिरफ्तार किया जा चुका है और बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
Updated on:
21 Sept 2026 09:40 pm
Published on:
21 Sept 2026 09:32 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
