21 सितंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जमुई छेड़खानी कांड पर तेज प्रताप यादव बोले- बिहार में कोई महिला सुरक्षित नहीं, हमें भी बाहर निकलने पर डर लगता है

Tej Pratap Yadav: बिहार के जमुई में नाबालिग लड़के और लड़की के साथ कथित मारपीट और छेड़छाड़ का वीडियो वायरल होने के बाद जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अगर वास्तविक दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो उनकी पार्टी आंदोलन और आमरण अनशन करेगी।
2 min read
Google source verification

पटना

image

Anand Shekhar

Sep 21, 2026

tej pratap yadav jamui viral video case

तेज प्रताप यादव (Photo-ANI)

Tej Pratap Yadav on Jamui Viral Video: बिहार के जमुई जिले में एक नाबालिग छात्रा और एक छात्र के साथ छेड़छाड़ और मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद राज्य का राजनीतिक माहौल गरमा गया है। इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए लालू यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने राज्य की कानून-व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा और पुलिस प्रशासन के कामकाज की आलोचना की। उन्होंने कहा कि बिहार में हालात इतने खराब हो गए हैं कि महिलाओं की सुरक्षा तो दूर, खुद उन्हें भी बाहर निकलने में डर लगता है।

तेज प्रताप ने मुख्यमंत्री से मांगा जवाब

तेज प्रताप यादव ने कहा कि बिहार हमारी मातृभूमि है और इस पवित्र धरती पर ऐसी घटनाओं का होना पूरे राज्य के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अगर कोई युवक और युवती साथ बाहर जाते हैं, तो यह उनका निजी मामला है और वे जहां चाहे वहां जाने के लिए स्वतंत्र हैं। तेज प्रताप ने कहा कि स्थानीय असामाजिक तत्वों द्वारा माहौल खराब करने और अभद्र व्यवहार किए जाने की पूरी जवाबदेही सरकार की बनती है। उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री इस पूरी घटना पर जनता को जवाब दें।

दोषियों पर नहीं हुई कार्रवाई तो करेंगे अनशन

जमुई पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए तेज प्रताप यादव ने आरोप लगाया कि पुलिस मामले को दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में नाकाम रही है। वे सिर्फ दिखावे के लिए बेगुनाह या किसी भी व्यक्ति को गिरफ्तार कर रहे हैं, जबकि असली दोषियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। तेज प्रताप ने चेतावनी दी कि अगर असली दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो उनकी पार्टी जन शक्ति जनता दल पूरे बिहार में बड़ा आंदोलन शुरू करेगी और वे खुद आमरण अनशन पर बैठेंगे।

हमें भी बाहर निकलने पर डर लगता है: तेज प्रताप

महिलाओं की सुरक्षा और सुशासन के बारे में सरकार के दावों पर टिप्पणी करते हुए तेज प्रताप यादव ने कहा, "बिहार में कोई महिला सुरक्षित नहीं है। हालात ऐसे हैं कि जब हम खुद बाहर निकलते हैं, तो हमें डर लगता है। सरकार दावा करती है कि महिलाएं सुरक्षित हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर हर दिन वारदातें हो रही हैं।"

तेज प्रताप ने कहा कि ऐसी शर्मनाक हरकतें दूसरे राज्यों में बिहार की छवि खराब करती हैं। उन्होंने आगे कहा कि जिले के प्रभारी मंत्री विभाग के कामकाज को ठीक से नहीं संभाल पा रहे हैं और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं संबंधित मंत्रियों को इस पूरे मामले पर जनता को सफाई देनी चाहिए।