
तेज प्रताप यादव(फोटो-IANS)
Tej Pratap Yadav Rise and Fall season 2: राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और 'जन शक्ति जनता दल' (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव सोमवार शाम रियलिटी शो 'राइज एंड फ़ॉल' के दूसरे सीजन में हिस्सा लेने के लिए पटना से मुंबई के लिए रवाना हो गए। रवाना होने से पहले पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने शो में अपनी एंट्री की पुष्टि की और कहा कि वह मशहूर यूट्यूबर और पत्रकार मनीष कश्यप के साथ मिलकर वहां धूम मचाएंगे और बिहार का नाम रोशन करेंगे। इसके अलावा, उन्होंने जमुई में नाबालिग लड़की के साथ हुई छेड़छाड़ के मामले में सम्राट चौधरी पर निशाना साधा और उनके इस्तीफे की मांग की।
मुंबई जाने से पहले मीडिया से बातचीत में तेज प्रताप यादव अपने खास अंदाज में नजर आए। जब उनसे मुंबई जाने का कारण पूछा गया, तो उन्होंने कहा "हमें राइज एंड फ़ॉल सीजन 2 के लिए ऑफर मिला है, इसलिए हम मुंबई जा रहे हैं। ऐसे ऑफर बहुत कम लोगों को मिलते हैं। हम और मनीष कश्यप वहां जाकर धमाल मचाएंगे और बिहार का नाम रोशन करेंगे। पूरा माहौल बदल कर रख देंगे।"
मुंबई रवाना होने से पहले तेज प्रताप यादव ने बिहार की राजनीति और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी टिप्पणी की। उन्होंने जमुई में एक नाबालिग लड़की के साथ सबके सामने हुई छेड़छाड़ और घटना के वायरल वीडियो को लेकर पूछे गए सवाल पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सामने आए वीडियो को देखते हुए मुख्य दोषियों के खिलाफ सिर्फ दिखावटी कार्रवाई के बजाय सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
वहीं, जब पत्रकारों ने तेज प्रताप यादव को सीएम सम्राट चौधरी के उस बयान की याद दिलाई जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर रात के 12 बजे के बाद बिहार में किसी महिला या लड़की को कोई छू भी देगा तो वे इस्तीफा दे देंगे, तो तेज प्रताप ने इस पर तंज कसते हुए कहा कि तो अब सम्राट चौधरी जी को तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।
तेज प्रताप ने कहा कि बात सिर्फ छूने की नहीं है, वहां तो उस लड़की को ही उठा लिया गया था। अब जब सम्राट चौधरी ने खुद दावा किया था, तो अब उन्हें अपनी बात पर कायम रहते हुए तुरंत अपनी कुर्सी छोड़नी चाहिए।
Updated on:
21 Sept 2026 10:15 pm
Published on:
21 Sept 2026 10:09 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
