
अहमदाबाद. गुजरात में विधानसभा चुनाव को एक साल से ज्यादा का समय है,लेकिन अभी से चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। जिसके तहत आम आदमी पार्टी (आप) के कई कार्यकर्ता 'आप' को छोड़ सोमवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए। ये कार्यकर्ता सूरत, जूनागढ़, नवसारी और वडोदरा जिले के बताए जा रहे हैं।
सोमवार को गांधीनगर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय कमलम् में प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष गोरधन झड़फिया, महेन्द्र पटेल एवं प्रदेश महामंत्री प्रदीप सिंह वाघेला ने विधायकों की उपस्थिति में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को भाजपा का खेस पहनाकर सदस्यता दिलाई और पार्टी में शामिल किया।
भाजपा ने दावा किया कि सूरत, जूनागढ़, नवसारी और वडोदरा जिले के आम आदमी पार्टी के 250 से ज्यादा कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए हैं।
आम आदमी पार्टी के नेता रह चुके बटुकभाई ने भाजपा में शामिल होने के बाद कहा कि लोग दावा कर रहे हैं कि आम आदमी पार्टी की गुजरात में 120 सीटें आएंगीं, जबकि हकीकत में पार्टी को राज्य में एक भी सीट नहीं मिलेगी।
कुछ पार्षदों के जीतने से गुजरात नहीं बदलेगा: झड़फिया
आप कार्यकर्ताओं को भाजपा में शामिल कराने के दौरान प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष गोरधन झड़फिया ने कहा कि सूरत के किसी कोने में कुछ पार्षदों के जीत जाने से गुजरात नहीं बदलेगा। पीएम नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में आज पार्टी व देश आगे बढ़ रहा है तो सीएम विजय रूपाणी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल के मार्गदर्शन में गुजरात विकास के पथ पर अग्रसर है। स्थानीय निकाय चुनावों में आम आदमी पार्टी ने सूरत महानगर पलिका में कई सीटें पाई है, जिसके चलते आज वह मनपा में विपक्ष में है।