
आणंद-मेहसाणा। निकाय के उपचुनाव में आणंद जिले की पाळज जिला पंचायत सीट पर भाजपा उम्मीदवार सुमित्रा पटेल ने विजयी रहीं। वहीं, मेहसाणा जिले विसनगर नपा में भाजपा के नितिन मोदी की जीत हुई, कांग्रेस प्रत्याशी की जमानत जब्त हो गई। मेहसाणा जिले की विसनगर नगरपालिका के उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार नितिन मोदी ने भारी मतों के अंतर से विजय हासिल की, जबकि कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा।
मतगणना के बाद घोषित परिणामों के अनुसार भाजपा के नितिन मोदी को 2,106 वोट मिले, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार शैलेष रावल को केवल 267 वोट प्राप्त हुए, उनकी जमानत भी जब्त हो गई। वहीं आणंद जिला पंचायत के पिछले चुनाव में पाळज सीट से निर्विरोध निर्वाचित हुए प्रदीप पटेल की ओर से सदस्य पद से इस्तीफा देने के कारण सीट रिक्त हो गई थी। इसी रिक्त सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना पेटलाद में की गई। भाजपा ने मूल रूप से अनुसूचित जनजाति की और प्रेम विवाह के बाद पटेल समाज से जुड़ी सुमित्रा पटेल उम्मीदवार बनाया था।
वहीं कांग्रेस ने वरिष्ठ कार्यकर्ता जेसंग परमार को चुनाव मैदान में उतारा, जबकि आम आदमी पार्टी ने भी अपना प्रत्याशी खड़ा किया। चुनाव अधिकारी की ओर से जारी आधिकारिक परिणामों के अनुसार, पाळज आणंद जिला पंचायत निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार सुमित्रा पटेल को कुल 10,021 मत प्राप्त हुए। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के जेसंग परमार को 4,304 मत मिले। इस प्रकार सुमित्रा पटेल 5,717 मतों से विजयी रहीं। जीत के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई।
परिणाम घोषित होते ही कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ जीत का जश्न मनाया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी व्यक्त की। कई स्थानों पर आतिशबाजी भी की गई और कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए। नेताओं का माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया गया। समर्थकों ने इसे पार्टी की नीतियों और संगठन की मेहनत की जीत बताते हुए आगे भी इसी तरह जनता का विश्वास बनाए रखने का भरोसा जताया।
वहीं दूसरी तरफ साबरकांठा जिले की पोशीना तहसील पंचायत की टेबड़ा सीट पर उपचुनाव में भाजपा की महिला उम्मीदवार अनिता राठौड़ ने 77 मतों से जीत दर्ज की। इस सीट पर कुल 81 प्रतिशत मतदान हुआ था। अनिता को 1130 मत, आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार शिल्पा परमार को 1053 मत और कांग्रेस की उम्मीदवार बबी परमार को 621 मत प्राप्त हुए थे।